केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने पर उठ रहे सवालों का जवाब दिया है। नई दिल्ली में 14वें सीआईआई बायोएनर्जी समिट को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल से कारों को कोई नुकसान नहीं हो रहा है। गडकरी ने कहा, "अब किसी की कार खराब नहीं हो रही है। अब कार ठीक है।" उन्होंने वैकल्पिक ईंधन को बढ़ावा देने की जरूरत पर भी जोर दिया।
गडकरी ने आरोप लगाया कि दो से तीन महीने पहले इथेनॉल के खिलाफ एक अभियान चलाया गया था, जिसका मकसद वाहन मालिकों के मन में डर और भ्रम पैदा करना था। उनके मुताबिक, यह पैसे देकर चलाया गया अभियान था। केंद्रीय मंत्री ने तेल आयात से जुड़ी लॉबी पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि ये समूह अपने कारोबारी हितों की रक्षा के लिए इथेनॉल मिलाने की पहल को हतोत्साहित करना चाहते हैं। गडकरी लंबे समय से वैकल्पिक ईंधन के इस्तेमाल की वकालत करते रहे हैं, जिससे आयातित कच्चे तेल पर निर्भरता कम हो सके।
इससे पहले अगस्त में गडकरी ने संसद में कहा था कि ई20 पेट्रोल पुरानी गाड़ियों के लिए भी सुरक्षित है, जिनमें 1 अप्रैल 2017 से पहले बनी और रजिस्टर्ड वाहन भी शामिल हैं। उन्होंने बताया था कि प्रयोगशाला अध्ययन और फील्ड ट्रायल में इस ईंधन से असामान्य टूट-फूट या परफॉर्मेंस में बड़ा बदलाव सामने नहीं आया। यह जवाब डीएमके सांसद कॉन्स्टेंटाइन रविंद्रन के सवाल पर दिया गया था। हालांकि, गडकरी ने यह भी स्वीकार किया था कि ई20 इस्तेमाल से माइलेज में 2 से 6 फीसदी तक कमी आ सकती है।
समिट में गडकरी ने मेथनॉल, बायोडीजल और हाइड्रोजन जैसे वैकल्पिक ईंधनों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने करीब 3,000 नए गोबरधन प्लांट लगाने की योजना का जिक्र किया, जिनसे जैविक कचरे को ऊर्जा में बदला जा सकेगा। उन्होंने इथेनॉल से विमानन ईंधन बनाने, कार्बन डाइऑक्साइड को यूरिया में बदलने और एलपीजी के विकल्प के तौर पर डाइमिथाइल ईथर (डीएमई) की संभावनाओं पर भी बात की।
