पटना में कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन पुल का 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उद्घाटन करेंगे। पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर 'नीतीश सेतु' रखा गया है। नामकरण के बाद से ही इस पर सियासत तेज है। अब राजद ने एक वीडियो जारी कर आरोप लगाया है कि उद्घाटन कार्यक्रम और आयोजन से नीतीश कुमार और जदयू को बाहर कर दिया गया है। पार्टी ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करते हुए दावा किया कि कार्यक्रम में नीतीश कुमार की एक तस्वीर तक नहीं है और जदयू का झंडा भी नहीं लगाया गया है। राजद ने तंज कसते हुए कहा कि जदयू कार्यकर्ता मन मसोस कर रह गए हैं और विनती कर रहे हैं कि किसी तरह जदयू के झंडे भी लग जाएं तो कुछ इज्जत बच जाए।
इस बीच, नीतीश सेतु के नामकरण को लेकर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नित्यानंद राय ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के सवालों पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कच्ची दरगाह से बिदुपुर तक बने पुल का नाम नीतीश कुमार के नाम पर रखा जाना पूरी तरह वाजिब है। उनके मुताबिक, नीतीश कुमार ने अपने शासनकाल में बिहार को बदहाली और अपराध के दौर से निकालकर सुशासन और विकास की राह पर आगे बढ़ाया है।
नित्यानंद राय ने तेजस्वी यादव से सीधा सवाल पूछते हुए कहा कि क्या नीतीश कुमार ने अपने शासनकाल में बिहार के विकास की गति को नहीं बढ़ाया? उन्होंने कहा कि लालू-राबड़ी शासनकाल में बिहार की पहचान बदनाम और बीमार राज्य के रूप में बन गई थी। उस समय अपराधियों का राज था और कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक थी। ऐसी परिस्थितियों से बिहार को बाहर निकालकर नीतीश कुमार ने राज्य में सुशासन और विकास की व्यवस्था स्थापित की।
