कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अमेरिका के शिकागो में एक कार्यक्रम में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की भू-राजनीतिक समझ की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि पुतिन उन नेताओं में हैं जिनकी अंतरराष्ट्रीय मामलों की समझ सबसे गहरी है। राहुल गांधी 18 नवंबर को यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में ‘द ईरान वॉर एंड इंडियाज रोल इन द वर्ल्ड’ विषय पर आयोजित चर्चा में शामिल हुए थे। इस चर्चा में यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो के प्रोफेसर रॉबर्ट पेप भी मौजूद थे।

कार्यक्रम में राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में पश्चिमी देशों के नेतृत्व में बदलाव देखा है। उनके मुताबिक, पहले पश्चिमी नेताओं को दुनिया के दूसरे हिस्सों की अच्छी समझ होती थी, लेकिन बाद में ऐसे नेता सामने आए जिनका ध्यान अपने देश के अंदरूनी मामलों पर केंद्रित रहा। उन्होंने ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर के साथ हुई बातचीत का उदाहरण दिया। राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि वह किसी एक पश्चिमी देश की बात नहीं कर रहे, बल्कि पश्चिमी नेतृत्व में आए व्यापक बदलाव की ओर इशारा कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह उनका व्यक्तिगत अनुभव है और जरूरी नहीं कि उनका आकलन पूरी तरह सही हो।

राहुल गांधी ने कहा कि पुतिन अंतरराष्ट्रीय मामलों पर व्यापक दृष्टिकोण के साथ बात कर सकते हैं। इससे पहले उन्होंने दूसरे विश्व युद्ध के बाद बनी वैश्विक सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि भविष्य की वैश्विक व्यवस्था किसी एक सभ्यता या कुछ पश्चिमी देशों के नियंत्रण में नहीं होनी चाहिए। उनके मुताबिक, इसमें अमेरिका, चीन, भारत, मध्य पूर्व और रूस समेत कई देशों और सभ्यताओं की भूमिका होनी चाहिए।

कार्यक्रम में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भारत की विदेश नीति का आधार दूसरे देशों के नेताओं के साथ व्यक्तिगत दोस्ती नहीं, बल्कि राष्ट्रीय हित होना चाहिए। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तिगत संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय राजनीति केवल नेताओं की दोस्ती के आधार पर नहीं चलती।