बेगूसराय के गढ़पुरा पंचायत के मैसना गांव निवासी नितीश कुमार ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षा उत्तीर्ण कर जिला सांख्यिकी पदाधिकारी का पद हासिल किया है। स्व. उमाकांत वर्मा के पुत्र नितीश ने यूपीएससी में दो बार असफल होने के बाद भी हार नहीं मानी और तीसरे प्रयास में यह सफलता पाई। उनकी इस उपलब्धि से गांव सहित पूरे इलाके में खुशी की लहर है।

नितीश मध्य विद्यालय में पढ़ रहे थे, तभी उनके पिता का निधन हो गया। उस समय उनकी मां संयुक्ता वर्मा महज मैट्रिक पास थीं, जिस कारण उन्हें अनुकंपा पर नौकरी नहीं मिल सकी। बच्चों के भविष्य की चिंता में उन्होंने खुद दोबारा पढ़ाई शुरू की और गृहस्थी की जिम्मेदारियों के बीच बारहवीं की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद वे मध्य विद्यालय गढ़पुरा में सहायक शिक्षिका के पद पर नियुक्त हुईं।

नितीश के चाचा दयाकांत वर्मा, जो भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय में अधिकारी हैं, ने भी उनकी पढ़ाई में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने नितीश को दुर्गापुर में अपने पास रखकर शिक्षा की व्यवस्था की और लगातार मार्गदर्शन किया। पांचवीं तक की पढ़ाई गांव में करने के बाद नितीश ने दुर्गापुर से माध्यमिक शिक्षा प्राप्त की और फिर दिल्ली जाकर स्नातक व स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की। इसी दौरान उन्होंने सिविल सेवा का लक्ष्य निर्धारित किया। यूपीएससी में दो बार शामिल होने पर एक बार मुख्य परीक्षा और दूसरी बार मेरिट सूची में सफलता नहीं मिली, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और बीपीएससी की तैयारी में जुट गए।

परीक्षा परिणाम आने के बाद नितीश ने मां संयुक्ता वर्मा को फोन कर कहा, "मां, मैं ऑफिसर बन गया"। बेटे की यह बात सुनते ही मां भावुक हो गईं और उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। उन्होंने बताया कि पति के निधन के बाद बच्चों की परवरिश और पढ़ाई की जिम्मेदारी अकेले संभालना काफी चुनौतीपूर्ण था। उनके पति भी बीपीएससी के माध्यम से शिक्षक बने थे और परिवार को लेकर कई सपने संजोए थे। आज बेटे को अधिकारी बनते देख उन्हें लग रहा है कि वर्षों का संघर्ष सफल हो गया।