राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) फर्जी इंटरनेशनल कॉल सेंटरों का हब बनता जा रहा है। नोएडा, दिल्ली और गुरुग्राम में आईटी कंपनी कार्यालयों या पॉश इलाकों की आड़ में कॉल सेंटर चलाए जा रहे हैं। स्थानीय संचालकों का देश-विदेश में बैठे ठगों से गठजोड़ बताया जा रहा है, जिससे साइबर ठगी का नेटवर्क अंतरराष्ट्रीय हो गया है। म्यांमार-इंडोनेशिया के बॉर्डर पर सामने आए म्यावाड़ी मॉडल की तर्ज पर मलेशिया, इंडोनेशिया जैसे देशों के नागरिकों को नौकरी के नाम पर नोएडा लाया गया और ठगी की स्क्रिप्ट रटाकर काम कराया जा रहा था। ये विदेशी नागरिक कुछ पाबंदियों के साथ कॉल सेंटर में काम और पीजी में रह रहे थे।
दिल्ली पुलिस ने बृहस्पतिवार को नोएडा सेक्टर-136 में संचालित एक फर्जी इंटरनेशनल कॉल सेंटर पकड़ा, जहां शेयर ट्रेडिंग के नाम पर ठगी की जा रही थी। दूतावास को एक चिट्ठी मिलने पर गिरोह का पर्दाफाश हुआ। इससे पहले भी दिल्ली, गुरुग्राम समेत एनसीआर से फर्जी कॉल सेंटर पकड़े जा चुके हैं। नोएडा से चीनी नागरिक मोबाइल एसेसरीज की डमी कंपनी खोलकर ठगी की रकम विदेश भेजते हुए पकड़े जा चुके हैं, जो हवाला नेटवर्क का हिस्सा था। पूर्व में यूएस और यूके के नागरिकों के सिस्टम पर पॉपअप भेजकर ठगी करने वाले कॉल सेंटर भी एनसीआर से पकड़े जा चुके हैं।
गौतमबुद्ध नगर में स्थानीय पुलिस, स्पेशल सेल और खुफिया तंत्र के बावजूद कॉल सेंटर की भनक न लगना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। बीट पुलिस और संबंधित विभागों की जिम्मेदारी कागजी साबित हो रही है। हालांकि, गिरोह के सरगना नहीं पकड़े जा रहे हैं। हर बार कॉलिंग स्टाफ और कॉल सेंटर प्रबंधन पर ही शिकंजा कसा जा रहा है और पुलिस चेन न जुड़ने की बात कहकर पल्ला झाड़ लेती है। सरगना के हत्थे न चढ़ने से साइबर ठगी लगातार हो रही है और पकड़े गए आरोपित बाहर आकर फिर सक्रिय हो जाते हैं। एनसीआर से ठगों के अलावा आतंकी भी पकड़े जा रहे हैं, फिर भी दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा और गुरुग्राम में वेरिफिकेशन शत प्रतिशत नहीं किया जा रहा है। विदेशी नागरिक यहां रहकर ठगी के नेटवर्क का हिस्सा बन रहे हैं, जिसका बांग्लादेशी नागरिक भी फायदा उठा रहे हैं।
