नूंह रोड स्थित पहाड़ी पर मंगलवार सुबह जंगल में एक कंबल में लिपटी नवजात बच्ची जीवित अवस्था में मिली। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10 बजे नई गांव निवासी असगरी अपने पति के साथ तावडू से दवा लेकर घर लौट रही थीं। सीलखो पहाड़ से नूंह की ओर जाते समय दंपती तावडू सदर थाना क्षेत्र में रुके। इस दौरान असगरी शौच के लिए जंगल की तरफ गईं तो उन्हें वहां एक कंबल पड़ा दिखाई दिया। कंबल खोलने पर उसमें नवजात बच्ची मिली, जिसकी सांसें चल रही थीं। उन्होंने तुरंत अपने पति को इसकी जानकारी दी।
बच्ची मिलने की सूचना फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ लोग बच्ची की फोटो और वीडियो बनाने में जुट गए, जिससे पहाड़ी मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और जाम की स्थिति बन गई। इसी जाम में फंसे तावडू के डीएसपी अभिमन्यु लोहान ने जाम का कारण पता करने पर बच्ची मिलने की जानकारी मिली। उन्होंने अपने स्टाफ की मदद से बच्ची को सुरक्षित उठवाया और सरकारी वाहन से नूंह स्थित बलिदानी हसन खां मेवाती राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे भर्ती कर उपचार और देखरेख शुरू कर दी। डीएसपी की तत्परता और संवेदनशीलता की मौके पर मौजूद लोगों ने सराहना की।
डीएसपी अभिमन्यु लोहान ने बताया कि तावडू सदर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और थाना प्रभारी नरेश कुमार को मौके पर भेजा गया है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि संकट में फंसे किसी भी व्यक्ति की मदद करना हर नागरिक का नैतिक दायित्व है और बच्ची को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाना उनकी प्राथमिकता थी।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि बच्ची के जन्म के बाद उसे जंगल में लावारिस हालत में छोड़ दिया गया। किसी अस्पताल या अन्य स्थान पर गैरकानूनी तरीके से डिलीवरी कराए जाने की आशंका से भी इन्कार नहीं किया जा रहा है, हालांकि इन आशंकाओं की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस बच्ची को वहां छोड़ने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्र और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
