दिल्ली के पुराना किला में आयोजित SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व कर रहे डॉक्टर मुसद्दिक मलिक ने शनिवार शाम उर्दू में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि यहां बैठे हुए मिर्जा गालिब की कब्र कुछ ही कोस दूर है, इसलिए उन्हें अंग्रेजी की जगह उर्दू में बोलना उचित लगा। मलिक ने एक शेर पढ़ा और दिल्ली, लखनऊ तथा लाहौर को शायरी, अदब और तहजीब का गढ़ बताया। उन्होंने कहा कि गालिब खुद को फारसी का शायर मानते थे, लेकिन दिल्ली ने उन्हें उर्दू का शायर माना। मलिक ने कहा कि वे यहां अपनी पहचान के साथ तहजीब की बात करने आए हैं।

मलिक के उर्दू में बोलने और गालिब पर की गई टिप्पणी को सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। कुछ यूजर्स ने उन्हें याद दिलाया कि वे लाहौर, दिल्ली और लखनऊ को एक जैसा मान रहे हैं, जबकि इस्लामाबाद में बैठकर उनके नेता भारतीय संस्कृति से दूरी बनाते हैं और खुद को भारत से अलग दिखाने की कोशिश करते हैं। कई यूजर्स ने उत्तर भारत में उर्दू के जन्म का जिक्र करते हुए इसे भारतीय भाषा बताया।

एक्स पर अमन सिंह ने तंजिया लहजे में लिखा कि अच्छा हुआ कि पाक मंत्री ने भारतीय भाषा उर्दू में बात करना चुना। निखिल ने लिखा कि उर्दू असल में भारतीय भाषा है और पाकिस्तानी लोग इसे पंजाबी के साथ मिलाकर बोलते हैं। अमित पॉल ने कहा कि उर्दू भारत और पाकिस्तान को जोड़ती है और इसका जन्मस्थान भारत है। पाकिस्तान के मुर्तजा ढोढा ने लिखा कि मलिक बहुत अच्छी उर्दू बोलते हैं, हालांकि उनकी अंग्रेजी भी बेहतर है।

राजेश शुक्ला ने कहा कि दिल्ली, लखनऊ और लाहौर शायरी, संस्कृति और नफासत के गढ़ हैं तथा गालिब के शहर दिल्ली में उर्दू में भाषण सुनना शानदार है। सैयद ने लिखा कि कम से कम मलिक यह मानते हैं कि उर्दू भारतीय है और पड़ोसियों ने सांस्कृतिक रूप से इसे अपना लिया है।