पन्ना टाइगर रिजर्व की हथिनी अनारकली की जुड़वां बेटियों रोहिणी और केतकी ने शुक्रवार, 21 नवंबर 2026 को अपना पहला जन्मदिन पूरा किया। इस मौके पर हिंनोता गेट स्थित हाथी कैंप में उत्सव आयोजित किया गया, जिसमें वन विभाग के अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और आसपास के गांवों के लोगों ने हिस्सा लिया।
बताया गया है कि 57 वर्षीय अनारकली ने 21 नवंबर 2025 को दो जुड़वां बच्चियों को जन्म दिया था। पहली बेटी रोहिणी का जन्म दोपहर 2:20 बजे खैरिया में हुआ, जबकि दूसरी बेटी केतकी शाम 5:50 बजे हिंनोता एलीफेंट कैंप में पैदा हुई। दोनों के जन्म के बीच करीब साढ़े तीन घंटे का अंतर था। पन्ना टाइगर रिजर्व के इतिहास में यह पहली घटना थी, जब किसी हथिनी ने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया।
समारोह में फील्ड डायरेक्टर नरेंद्र कुमार पटेल, एसीसीएफ एल. कृष्णमूर्ति, कलेक्टर हर्ष सिंह और पुलिस अधीक्षक सव्यसाची सराफ सहित वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान केक काटा गया और अनारकली के साथ रोहिणी व केतकी को केले, सेब, लड्डू, गुड़ और अलग-अलग फलों से सजी विशेष थाली परोसी गई। अनारकली ने अपनी सूंड उठाकर मेहमानों का अभिवादन भी किया।
हाथी विशेषज्ञों के अनुसार, हाथियों में जुड़वां बच्चों का जन्म बेहद दुर्लभ होता है और इसकी संभावना एक प्रतिशत से भी कम बताई जाती है। हथिनी के शरीर में केवल दो दुग्ध ग्रंथियां होने के कारण जुड़वां बच्चों को पर्याप्त दूध मिलना और उनका स्वस्थ रहना चुनौतीपूर्ण माना जाता है। ऐसे में रोहिणी और केतकी का सुरक्षित रूप से एक साल पूरा करना पन्ना टाइगर रिजर्व के महावतों और वन्यजीव स्वास्थ्य दल के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। जन्म के बाद से ही वन विभाग की टीम दोनों बच्चियों की सेहत और विकास पर नजर रख रही है।
