भारतीय कबड्डी खिलाड़ी प्रदीप नरवाल ने एमेच्योर कबड्डी संघ हरियाणा के हालिया चुनावों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में अनियमितताओं और संघ पर एक ही परिवार के कब्जे का आरोप लगाया है। 'डुबकी किंग' के नाम से मशहूर नरवाल ने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी करके प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से हस्तक्षेप की मांग की है। साथ ही केंद्रीय खेल मंत्री और हरियाणा सरकार से भी दखल देने की अपील की है।
गोहाना के गांव रिंढाणा निवासी नरवाल विश्व चैंपियनशिप और एशियाई खेलों में पदक जीत चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में नियमों को ताक पर रखकर अनियमितताएं की गईं और संघ पर लंबे समय से एक ही परिवार का एकाधिकार बना हुआ है। उनके अनुसार बिना उचित सार्वजनिक नोटिस के गुपचुप तरीके से चुनाव कराए गए, जो नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस एक्ट 2025 का उल्लंघन है।
प्रदीप नरवाल का कहना है कि अगर इसी तरह चुनाव होते रहे तो अनुभवी खिलाड़ियों को संघ में आने और खेल प्रशासन में भूमिका निभाने का मौका नहीं मिलेगा। उन्होंने संघ से जुड़े प्रमुख लोगों की संपत्ति की जांच कराने और हाल में हुए चुनाव को रद कर पारदर्शी तरीके से दोबारा चुनाव कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि धीरे-धीरे दूसरे खिलाड़ी भी आगे आकर इस मामले में अपना पक्ष रखेंगे।
इससे पहले भारतीय खेल यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवेश नांदल भी चुनाव के खिलाफ मोर्चा खोल चुके हैं। नांदल ने इन चुनावों को पूरी तरह असंवैधानिक बताया है। उन्होंने जिला रजिस्ट्रार ऑफ सोसाइटीज, केंद्रीय खेल मंत्रालय और हरियाणा खेल विभाग को शिकायत भेजकर नई कार्यकारिणी की मंजूरी रोकने और संघ में प्रशासक नियुक्त करने की मांग की है।
