संसद का मानसून सत्र 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के 103 दिन बाद भी आधिकारिक रूप से खत्म नहीं हुआ है। इस बीच सरकार 15 दिसंबर से पहले अगले सत्र को बुलाने पर विचार कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंत्रियों से आगामी सत्र की पूरी तैयारी करने और इस दौरान विदेश यात्रा से बचने को कहा है। सत्र की तारीख और अवधि संसदीय कार्य संबंधी कैबिनेट समिति तय करेगी।
सूत्रों के हवाले से बताया गया कि बुधवार को मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में अगले सत्र का मुद्दा भी उठा। प्रधानमंत्री ने 15 दिसंबर से पहले सत्र बुलाने का संकेत दिया और मंत्रालयों को सत्र के लिए तैयार रखने पर जोर दिया। शीतकालीन सत्र बुलाने में देरी पर विपक्ष के लगातार सवालों के बीच इन घटनाक्रमों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विपक्ष का कहना है कि सत्र स्थगित हुए 100 से अधिक दिन बीत चुके हैं, लेकिन सत्रावसान नहीं किया गया। इससे विशेष सत्र बुलाए जाने की अटकलें तेज हो गई हैं, खासकर लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों के प्रस्तावित परिसीमन के संदर्भ में।
अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या सरकार परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण विधेयक को पेश करेगी। इस संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत यानी 361 सदस्यों के समर्थन की जरूरत होगी। तीन सीट रिक्त होने के कारण लोकसभा में फिलहाल 540 सदस्य हैं। राजग के पास 320 सदस्य हैं और उसे विपक्षी दलों के समर्थन की जरूरत होगी। अप्रैल में विधेयक के गिर जाने के बाद राजनीतिक समीकरण बदल गए हैं। तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों ने एनसीपीआई में विलय कर राजग को समर्थन देने का भरोसा दिया, जबकि शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के छह सांसद एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए। इन घटनाक्रमों से सरकार की स्थिति मजबूत हुई है, लेकिन उसे अतिरिक्त समर्थन की जरूरत होगी। 22 सदस्यों वाली द्रमुक और आठ सदस्यों वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) अहम भूमिका निभा सकती हैं।
राजनीतिक चुनौती केवल संख्या जुटाने तक सीमित नहीं है। विपक्षी दलों ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है। ऐसे में आगामी सत्र में हंगामे के आसार हैं। सत्तारूढ़ गठबंधन के एक सांसद ने कहा कि जब तक सदन सुचारू रूप से नहीं चलेगा, तब तक संविधान संशोधन विधेयक पर चर्चा और मतदान संभव नहीं होगा। मौजूदा सत्र को आगे बढ़ाने के लिए कम से कम दो दिन पहले और नया सत्र बुलाने के लिए कम से कम 14 दिन पहले सूचना देना जरूरी है। सरकार ऐसे फार्मूले पर विचार कर रही है, जिसके तहत परिसीमन के प्रभावों को लेकर दक्षिणी राज्यों की चिंताओं को दूर करने के लिए सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाई जाएगी। प्रस्तावित रूपरेखा में 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात बरकरार रखने की बात है, हालांकि इस पर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।
