शुक्रवार को पटना जंक्शन पर पटना-एर्नाकुलम एक्सप्रेस (22644) के पहुंचते ही जनरल बोगी में सवार होने के लिए यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दोपहर करीब 1:30 बजे ट्रेन आते ही सीट पाने की होड़ में यात्रियों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। इस दौरान 200 से अधिक यात्रियों को बोगी में जगह नहीं मिल सकी। भीड़ को काबू में करने के लिए आरपीएफ जवानों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

ट्रेन में चार जनरल कोच हैं, लेकिन सफर के लिए एक हजार से अधिक यात्री पहुंचे थे। ट्रेन आते ही प्लेटफॉर्म पर इंतजार कर रहे यात्री दरवाजों की ओर दौड़ पड़े और कई यात्री सामान के साथ दरवाजे पर ही फंसे रह गए। कुछ लोग खिड़की के सहारे अंदर घुसने लगे। यात्रियों के अनुसार ट्रेन में छह जनवरी तक टिकट उपलब्ध नहीं हैं।

यह ट्रेन पटना से एर्नाकुलम के बीच सप्ताह में केवल दो दिन, गुरुवार और शुक्रवार को चलती है, इसलिए केरल जाने वाले यात्रियों का दबाव इन दोनों दिन रहता है। यात्रियों ने बताया कि बड़ी संख्या में राज्य के कामगार केरल की फैक्टरियों और अन्य औद्योगिक प्रतिष्ठानों में काम करने जाते हैं और यह ट्रेन उनके लिए लंबी दूरी की यात्रा का प्रमुख साधन है। करीब 50 घंटे की यात्रा के बावजूद जनरल बोगी में सीट के लिए यात्रियों को काफी जद्दोजहद करनी पड़ती है।

यात्रियों का कहना है कि पूरे साल ट्रेन में इतनी भीड़ रहती है, ऐसे में इसे सप्ताह में दो दिन चलाना समझ से परे है। उन्होंने पटना-एर्नाकुलम के बीच प्रतिदिन ट्रेन चलाने और अतिरिक्त ट्रेन शुरू करने की मांग की, जिससे केरल जाने वाले कामगारों को राहत मिलेगी और जनरल बोगी में चढ़ने के लिए होने वाली धक्का-मुक्की पर अंकुश लगेगा। यात्रियों ने रेलवे से इस रूट पर यात्री दबाव के अनुरूप ट्रेनों की संख्या और सामान्य श्रेणी के कोच बढ़ाने की मांग की है। एर्नाकुलम को केरल की वाणिज्यिक राजधानी कहा जाता है।