प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला में 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी ने दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ संबंधों को नई रफ्तार और मजबूती दी है। उनके मुताबिक, भारत और आसियान का सहयोग अब साझा संस्कृति और विरासत तक सीमित नहीं है, बल्कि डिजिटल तकनीक, रक्षा और अंतरिक्ष जैसे आधुनिक क्षेत्रों तक पहुंच गया है।

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में दोनों पक्षों के संबंधों में काफी विस्तार हुआ है। भारत ने 2014 से अब तक लोगों के बीच आपसी संपर्क बढ़ाने के लिए 100 से ज्यादा पहल की हैं। इसके अलावा करीब 250 क्विक इम्पैक्ट प्रोजेक्ट शुरू किए गए हैं और कौशल विकास के लिए 10 हजार से अधिक छात्रवृत्तियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि भारत और आसियान के नौ देशों के बीच सीधी उड़ानें और बढ़ता पर्यटन भी दोनों पक्षों की नजदीकी को दिखाता है।

प्रधानमंत्री ने भारत और आसियान के बीच सहयोग को क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि दोनों मिलकर दुनिया की करीब एक चौथाई आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं, इसलिए इस क्षेत्र का भविष्य प्रतिस्पर्धा के बजाय आपसी सहयोग से तय होना चाहिए। मोदी ने कहा कि आसियान कम्युनिटी विजन 2045 और विकसित भारत 2047 दोनों पक्षों की साझा उम्मीदों को पूरा करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। आसियान देशों की यह उनकी तीसरी यात्रा है।

मौजूदा वैश्विक हालात का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में दुनिया को लगातार कई संकटों का सामना करना पड़ा है। ऐसे समय में अंतरराष्ट्रीय समुदाय को सबसे ज्यादा शांति, स्थिरता और भविष्य को लेकर भरोसे की जरूरत है। उन्होंने इस साल के सम्मेलन की थीम 'नेविगेटिंग आवर फ्यूचर टुगेदर' को अहम बताया और कहा कि आसियान की एकता तथा क्षेत्रीय मामलों में उसकी केंद्रीय भूमिका को लेकर भारत की प्रतिबद्धता पहले की तरह मजबूत है।

इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आसियान शिखर सम्मेलन के अंतिम चरण में फिलीपींस पहुंच गए हैं। उनके दौरे के दौरान विरोध प्रदर्शनों की भी तैयारी है। ट्रंप यहां हिंद-प्रशांत क्षेत्र के देशों के समूह क्वाड की बैठक में हिस्सा लेने वाले हैं। यह दो साल बाद क्वाड देशों के नेताओं की पहली बैठक होगी।