प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को भारत मंडपम में गायक एवं संगीतकार भूपेन हजारिका की जन्मशती समारोहों के समापन कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने देश में फूट डालने वालों पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग फूट डालकर सत्ता पाने का सपना देखते हैं और भारत को टुकड़ों में देखते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि ऐसे लोग देश की उपलब्धियों पर नाराज फूफा की तरह मुंह फुलाए घूमते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को भूपेन हजारिका के गीत बार-बार सुनने चाहिए, इससे शायद उन्हें सद्बुद्धि आ जाए।

राष्ट्रीय एकता के महत्व पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भाषाएं, खान-पान और रहन-सहन भले ही अलग हों, लेकिन सभी भारतीय विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये बातें उन लोगों को पसंद नहीं आतीं जो फूट डालकर सत्ता पाने का सपना देखते हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि भूपेन दा का मानना था कि अच्छा भारतीय बनने के लिए अच्छा असमिया बनना भी जरूरी है। उन्होंने याद किया कि 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान हजारिका ने देश के युवाओं से राष्ट्र की रक्षा के लिए अपना सब कुछ न्योछावर करने को तैयार रहने का आह्वान किया था। प्रधानमंत्री ने कहा कि भूपेन दा ने सिर्फ गीत नहीं लिखे, बल्कि एक युग लिखा और भारत की विरासत के प्रति उनकी प्रतिबद्धता बेमिसाल थी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि असम में पिछले कुछ वर्षों में कई लोगों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर विकास और मानवता का मार्ग अपनाया है। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर के आठ राज्यों में सरकार की विकास पहल हजारिका के आदर्शों से ही प्रेरित हैं।