उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची में नाम जोड़ने को लेकर युवाओं और महिलाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार 28 नवंबर को एक ही दिन में 7.15 लाख फॉर्म-6 प्राप्त हुए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के मुताबिक, किसी एक विशेष अभियान दिवस पर मिले आवेदनों की यह अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। इससे पहले 24 अक्टूबर को 4.20 लाख और 22 नवंबर को 3.99 लाख आवेदन प्राप्त हुए थे।
रविवार को प्रदेशभर में चौथा विशेष अभियान दिवस ''कोई मतदाता न छूटे'' के ध्येय से आयोजित किया गया। सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी सुबह दस से शाम चार बजे तक मौजूद रहे और नए मतदाताओं के पंजीकरण के साथ नाम व अन्य विवरण में संशोधन के लिए नागरिकों को जानकारी और सहायता दी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि इन अभियान दिवसों का मकसद सिर्फ नाम जोड़ना नहीं, बल्कि लोगों को निर्वाचन प्रक्रिया और विभिन्न फॉर्मों के बारे में जागरूक करना भी है।
उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में पात्र नागरिक अभी मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं और महिलाओं तथा युवाओं के नाम जोड़ने पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और आरडब्ल्यूए की सक्रिय भागीदारी से इस दिशा में बेहतर नतीजे मिल सकते हैं। निर्वाचन आयोग की नजर अब 16 दिसंबर तक चलने वाली दावा एवं आपत्ति अवधि पर है।
नागरिक voters.eci.gov.in पोर्टल या ईसीआईनेट एप के जरिए अपने और परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जांच सकते हैं। नया नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 तथा नाम, पते या अन्य विवरण में संशोधन और निवास स्थान बदलने के लिए फॉर्म-8 भरा जा सकता है। आवेदन का रेफरेंस नंबर डालकर उसकी स्थिति भी देखी जा सकती है।
