प्रयागराज में पिछले चार दिनों के दौरान रात के तापमान में करीब नौ डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे रातें तेजी से ठंडी हो गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार 22 नवंबर को न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस था, जो 25 नवंबर को गिरकर 12.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यानी चार दिनों में रात का पारा 8.8 डिग्री नीचे आया। इसके चलते सुबह और देर रात ठंड का असर पहले की तुलना में काफी बढ़ गया है।
25 नवंबर को अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में धूप निकलने से मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहा, लेकिन सुबह और शाम ठंडी हवाओं के कारण लोगों को गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होने लगी है। 26 नवंबर को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार नवंबर के अंतिम दिनों में अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी। 28 नवंबर से अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 12 से 13 डिग्री के बीच बना रह सकता है। इससे दिन और रात दोनों समय ठंड का असर बढ़ेगा। अगले सात दिनों तक सुबह के समय धुंध छाए रहने की संभावना जताई गई है।
29 नवंबर से एक दिसंबर तक न्यूनतम तापमान 12 डिग्री के नीचे जा सकता है। मौसम के इस रुख को देखते हुए दिसंबर के पहले सप्ताह से ठंड और तीखी होने तथा कोहरे का असर बढ़ने के आसार हैं।
