प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) की आवासीय योजनाओं में भूखंड खरीदने के बाद भी कई आवंटियों को कब्जा नहीं मिला, जिसके चलते उन्होंने अपनी जमीन तीसरे पक्ष को बेच दी। अब इन भूखंडों के नए खरीदार मालिकाना हक के कागजात लेकर कब्जे के लिए पीडीए कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं। पीडीए की देवप्रयाग, झलवा, कालिंदीपुरम, सुलेम सराय और गंगा दर्शन सहित छह आवासीय योजनाओं में 200 से अधिक ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें मूल आवंटियों ने कब्जा मिलने से पहले ही भूखंड दूसरे लोगों को बेच दिए।

वहीं, करीब 400 ऐसे आवंटी भी हैं, जिन्हें प्राधिकरण से जमीन खरीदने के बाद अब तक कब्जा नहीं मिल सका है। राजापुर के राम प्रकाश सिंह ने करेली के रफीक से, झूंसी के दीनानाथ श्रीवास्तव ने पीपल गांव के शाकिर से और राजेंद्र प्रसाद तेलियरगंज के प्रेम श्रीवास्तव से अलग-अलग आवासीय योजनाओं में 2005 में जमीन खरीदी थी, लेकिन कब्जा आज तक इन लोगों को नहीं मिला है।

पीडीए की ओर से मूल आवंटियों को धनराशि वापस करने की बात कही जा रही है, लेकिन उनसे भूखंड खरीदने वाले तीसरे पक्ष के लोगों के हितों पर कोई स्पष्ट निर्णय नहीं हुआ है। ऐसे में नए खरीदार खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं।