महाराष्ट्र के पुणे में शिवाजीनगर जिला न्यायालय के बाहर हत्या के एक आरोपी पर कथित तौर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, बुधवार को कोर्ट गेट नंबर 4 के ठीक बाहर 6 से 7 हमलावरों ने मंदार मारुति किवाले पर हमला किया। हमलावरों ने कथित तौर पर उसके हाथ काटे और कई राउंड गोलियां चलाईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि किवाले 2025 में हुई शुभम सुभाष चव्हाण की हत्या के मामले में आरोपी था। शनिवार को उसे जमानत मिल गई थी और वह जेल से बाहर आया था। बुधवार को वह कोर्ट में सुनवाई के लिए आया था, लेकिन सुनवाई पूरी होने से पहले ही बाहर उस पर हमला कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, शुभम चव्हाण की हत्या 20 अप्रैल 2025 को पुणे के कटराज इलाके के संतोष नगर में जमीन और पैसे के झगड़े को लेकर हुई थी। पुलिस यह जांच कर रही है कि बुधवार का हमला उसी पुरानी हत्या का बदला था या इसके पीछे कोई और मामला था।

पुलिस के अनुसार, घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें 5-6 लोग दो स्कूटरों पर सवार दिख रहे हैं। एक स्कूटर पर चार और दूसरे पर दो हमलावर थे। इनमें से एक हमलावर के हाथ में खून से सना चाकू भी दिख रहा था। हमले के बाद घायल किवाले फुटपाथ पर खून से लथपथ पड़ा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर पड़ी दो बंदूकें तथा गोलियों से भरी एक मैगजीन बरामद की। पुलिस ने दोनों बंदूकें और मैगजीन अपने कब्जे में ले ली हैं और हमलावरों की पहचान व तलाश के लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं।

इस घटना को लेकर सियासत भी तेज हो गई है। NCP सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि कोर्ट आम लोगों के लिए न्याय का मंदिर होता है। अगर इसी पवित्र जगह के बाहर दिनदहाड़े खून बह रहा है, जहां हर व्यक्ति न्याय और सुरक्षा मांगने आता है, तो पुणे के आम लोग कहां जाएं? उन्होंने कहा कि पुणे में पिछले कुछ समय से पिकैक्स गैंग का आतंक, गोलीबारी की घटनाएं, सड़क पर हत्याएं और महिलाओं के खिलाफ हिंसा बहुत बढ़ गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या शहर में कानून और व्यवस्था नाम की कोई चीज बची है।