पुणे के हिंजवडी में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अपनी प्रेमिका की पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या का शक कथित तौर पर प्रेमिका के किसी और के साथ अफेयर का था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने घटना के बाद पूरी रात शव के साथ बिताई और सुबह खुद पुलिस को फोन कर जानकारी दी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुणे पुलिस ने बताया कि 27 वर्षीय कोमल दहाले सॉफ्टवेयर इंजीनियर थीं और विप्रो में काम करती थीं। शुभम ज्ञानेश्वर कलबांडे भी पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं और इंफोसिस में कार्यरत हैं। दोनों तीन साल से अधिक समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे और कुछ दिन पहले ही शादी करने का फैसला किया था। परिवारों को रिश्ते की जानकारी थी और वे शादी के लिए राजी भी हो गए थे। पुलिस के मुताबिक, कोमल को शुभम पर शक था कि वह उसे धोखा दे रहा है और उसका किसी और के साथ अफेयर है, जिसको लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे।
पुलिस उपायुक्त प्रदीप जाधव के अनुसार, रविवार रात दोनों एक होटल में खाना खाने गए और इसके बाद हिंजवडी पुलिस थाना क्षेत्र के सखारे बस्ती स्थित प्रिस्टीन पीजी में कोमल के कमरे पर लौट आए, जहां वह रहती थीं। रात करीब 12.30 बजे दोनों के बीच झगड़ा शुरू हुआ और कहासुनी तड़के करीब तीन बजे हिंसक रूप ले ली। आरोप है कि गुस्से में कलबांडे ने दहाले पर कई बार मुक्कों से हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई।
पुलिस मौके पर पहुंची और कोमल को तुरंत अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बाद में खुद पुलिस को फोन कर एंबुलेंस बुलाने का अनुरोध किया। हिंजवडी पुलिस ने शुभम को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि दोनों हिंजवडी स्थित दो बड़ी आईटी कंपनियों में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम करते थे और पेशे के कारण ही एक-दूसरे के संपर्क में आए थे।
