महाराष्ट्र के पुणे जिले के हिंजवड़ी इलाके से एक गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, एक युवक पर अपनी प्रेमिका की पीटकर हत्या करने का आरोप है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जांच जारी है। दोनों पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे और शादी की तैयारी कर रहे थे।
पुलिस उपायुक्त प्रदीप जाधव ने बताया कि मृत युवती की पहचान विदर्भ के वर्धा जिले की रहने वाली कोमल डहाले के रूप में हुई है, जबकि आरोपी शुभम कालबांडे बुलढाणा जिले का निवासी है। दोनों हिंजवड़ी स्थित दो बड़ी आईटी कंपनियों में काम करते थे और पिछले साढ़े तीन साल से रिश्ते में थे। पिछले दो-तीन महीनों से कुछ मुद्दों को लेकर उनके बीच अक्सर झगड़े हो रहे थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 27 वर्षीय कोमल विप्रो में और शुभम इन्फोसिस में काम करते थे। दोनों के परिवारों को रिश्ते की जानकारी थी और वे शादी के लिए भी तैयार थे।
जाधव के अनुसार, रविवार रात दोनों एक होटल में खाना खाने गए और उसके बाद हिंजवड़ी पुलिस थाना क्षेत्र के सखारे बस्ती स्थित प्रिस्टीन पीजी में कोमल के कमरे पर लौट आए, जहां वह रहती थीं। रात करीब 12.30 बजे दोनों के बीच झगड़ा शुरू हुआ, जो तड़के करीब तीन बजे हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि गुस्से में कालबांडे ने कोमल पर कई बार मुक्कों से हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुबह करीब 6.30 बजे आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर एंबुलेंस भेजने का अनुरोध किया। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और पूछताछ की, जिसके दौरान पता चला कि कालबांडे ने अपनी प्रेमिका पर जानलेवा हमला किया था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, झगड़े के बाद शुभम ने कोमल के सिर और गर्दन पर मुक्के और लातें मारी थीं, हालांकि पुलिस की ओर से इस संबंध में आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है।
