चंडीगढ़: पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस अपने चुनावी घोषणापत्र को अंतिम रूप देने में जुटी है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, घोषणापत्र का करीब 70 से 80 फीसदी काम पूरा हो चुका है और अगले 10 से 15 दिनों के भीतर इसका ड्राफ्ट पार्टी हाईकमान को सौंपे जाने की तैयारी है। सूत्रों का यह भी कहना है कि घोषणापत्र पर अंतिम मुहर लगाने में प्रियंका गांधी वाड्रा की भूमिका अहम हो सकती है। वे नवंबर के आखिरी सप्ताह में पंजाब के दौरे पर जा सकती हैं, जो पार्टी के चुनावी अभियान का हिस्सा होगा। माना जा रहा है कि इस दौरे में संगठन और चुनावी तैयारियों को गति देने के साथ घोषणापत्र से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हो सकती है।
घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष और सांसद डॉ. अमर सिंह ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि घोषणापत्र तैयार करने का काम काफी आगे बढ़ चुका है। उनके मुताबिक, अब तक समाज के अलग-अलग वर्गों की ओर से करीब 200 ज्ञापन मिल चुके हैं, जिनमें रखी गई मांगों और सुझावों को घोषणापत्र में शामिल करने पर विचार किया जा रहा है। आम आदमी पार्टी की ओर से यह आरोप लगाया जा रहा है कि सत्ता में आने पर विपक्षी दल कल्याणकारी योजनाओं को बंद कर सकते हैं। इस पर डॉ. अमर सिंह ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस ने मौजूदा योजनाओं को जारी रखने का फैसला किया है और पार्टी लोगों को अतिरिक्त सुविधाएं व राहत देने के लिए नए उपायों पर भी चर्चा कर रही है।
उम्मीदवारों को लेकर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह का कहना है कि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए अपनी पहली सूची 10 से 15 दिनों के भीतर जारी कर सकती है। उन्होंने बताया कि संभावित उम्मीदवारों के आकलन के लिए पार्टी ने 2000 से अधिक सर्वे कराए हैं। उनके मुताबिक, राहुल गांधी ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवारों का चयन मेरिट के आधार पर होगा।
इस बीच कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अपनी प्रदेश चुनाव समिति का गठन कर लिया है। 42 सदस्यीय इस समिति की अध्यक्षता पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परगट सिंह कर रहे हैं। समिति में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और राजिंदर कौर भट्टल सहित अन्य नेता शामिल हैं।
