कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को बीजेपी और आरएसएस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दोनों संगठनों पर भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं को नहीं समझने का आरोप लगाया। एक्स पर अपनी पोस्ट में राहुल गांधी ने भाजपा और संघ के लिए असभ्य, लालची, जातिवादी और पुरुषवादी जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं को जितना गहराई से समझने की कोशिश कर रहे हैं, उतना ही साफ होता जा रहा है कि BJP और RSS को इन परंपराओं की बिल्कुल समझ नहीं है। यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब कांग्रेस और बीजेपी के बीच अलग-अलग मुद्दों पर लगातार राजनीतिक बयानबाजी हो रही है।
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट के साथ महाराष्ट्र की एलीफेंटा गुफाओं में बनी अर्धनारीश्वर की मूर्ति की तस्वीर भी साझा की। इस मूर्ति में भगवान शिव और माता पार्वती को एक ही स्वरूप में दिखाया गया है। तस्वीर के साथ कैप्शन में उन्होंने लिखा, 'अर्धनारीश्वर- शिव और पार्वती का एक स्वरूप, एलीफेंटा गुफाएं।' राहुल गांधी ने दोनों संगठनों पर जातिवादी और पुरुषवादी सोच रखने का भी आरोप लगाया।
इससे पहले एक्स पर एक अन्य पोस्ट में कांग्रेस नेता ने बीजेपी और आरएसएस के समर्थकों को लेकर भी टिप्पणी की थी। उन्होंने दावा किया था कि इन संगठनों के समर्थकों के दिलों में डर, गुस्से और नफरत ने ऐसा जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्रेम का अनुभव करने और उसे जाहिर करने से रोकता है। राहुल गांधी ने लिखा था कि एक सच्चे हिंदू के तौर पर उनका कर्तव्य है कि वे इन लोगों को इस जाल से बाहर निकालने में मदद करें। अपनी पोस्ट के अंत में उन्होंने सत्यम शिवम सुंदरम लिखा था।
शनिवार को भी राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा था। उन्होंने फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI) के शताब्दी समारोह में प्रधानमंत्री के भाषण को लेकर सवाल उठाए थे। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में उद्योगपतियों से पूछा था कि सरकार ने टैक्स में कटौती की, इसके बावजूद कंपनियों ने कर्मचारियों की सैलरी क्यों नहीं बढ़ाई और रोजगार के नए अवसर क्यों नहीं पैदा किए। राहुल गांधी ने इसे सरकार की आर्थिक नीतियों की नाकामी का कबूलनामा बताया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि सरकार की नीतियों ने कुछ कंपनियों के एकाधिकार को बढ़ावा दिया है और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) जैसे रोजगार देने वाले क्षेत्रों को कमजोर किया है।
