केंद्र के प्रस्तावित परिसीमन बिल को लेकर विपक्षी खेमे में हलचल के बीच कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को मुंबई में एनसीपी (शरद पवार) प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की। ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती शरद पवार से मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने मीडिया से कहा कि हमारी लड़ाई जारी है, सब ठीक है। बता दें कि संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू हो रहा है, जिसमें परिसीमन से जुड़े संशोधित विधेयक पेश किए जाने हैं।

इंडी गठबंधन में संभावित फूट रोकने के लिए कांग्रेस नेता राजनीतिक संपर्क तेज कर रहे हैं। गठबंधन के दो प्रमुख सहयोगी दलों डीएमके और शरद पवार की एनसीपी ने केंद्र के संशोधित प्रस्तावों का समर्थन करने के संकेत दिए हैं, जो कांग्रेस के रुख के विपरीत है। इसी को देखते हुए राहुल गांधी और कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेता शरद पवार तथा डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन से अपने फैसले पर पुनर्विचार की अपील कर रहे हैं।

मुंबई दौरे से पहले राहुल गांधी समेत इंडी गठबंधन के नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने चेन्नई में एमके स्टालिन से मुलाकात की थी और परिसीमन प्रस्तावों पर समर्थन वापस लेने की अपील की थी। इससे पहले राहुल गांधी ने सार्वजनिक रूप से स्टालिन से इंडी गठबंधन के साथ खड़े होने का आग्रह करते हुए तर्क दिया था कि लोकसभा की सीटें बढ़ाकर 850 करने से भाजपा को निर्वाचन क्षेत्रों का नए सिरे से गठन करने का मौका मिल जाएगा।

डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने विधेयक का समर्थन करने के अपने फैसले का बचाव किया है। उनका कहना है कि संशोधित प्रस्ताव संसदीय प्रतिनिधित्व में तमिलनाडु की हिस्सेदारी से जुड़ी चिंताओं को दूर करता है और विधेयक को हराने से राज्य उन सीमित सुरक्षा उपायों से भी वंचित रह जाएगा, जो उसे अभी मिल रहे हैं। इंडी गठबंधन का मानना है कि महिला आरक्षण को परिसीमन और लोकसभा सीटों के विस्तार से जोड़ने के बजाय सदन की मौजूदा सदस्य संख्या के भीतर ही लागू किया जाना चाहिए।