उन्नाव के सदर क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोरी के दुष्कर्म के बाद हत्या और शव दफनाने के मामले में रविवार को पीड़िता की मां ने सुनवाई न होने से आहत होकर साकेत धाम पहुंचे उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के काफिले के सामने लेटकर विरोध जताया। उप मुख्यमंत्री ने महिला को उठाया और उसका मोबाइल नंबर लेकर उसे लखनऊ बुलाने तथा समस्या के निस्तारण का भरोसा दिया।

पीड़िता की मां का आरोप है कि उसकी बेटी की हत्या के आरोपितों के आश्रम की 12 बिस्वा जमीन पर अवैध कब्जा है, लेकिन प्रशासन ने अब तक बुलडोजर चलाकर जमीन खाली नहीं कराई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बेटी की हत्या के बाद प्रशासन ने 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और आवास समेत अन्य मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई मांग पूरी नहीं हुई। महिला ने यह भी कहा कि उसकी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी उसे कहीं आने-जाने नहीं देते और स्थानीय प्रशासन व पुलिस उसकी पीड़ा पर ध्यान नहीं दे रहे।

जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने बताया कि मामला वर्ष 2021 का है। आवास के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है और अवैध कब्जे के संबंध में राजस्व विभाग से जांच कर रिपोर्ट मांगी गई है। उन्होंने कहा कि कब्जा अवैध पाया जाने पर कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी तथा आर्थिक सहायता मिली है या नहीं, इस संबंध में प्रोबेशन अधिकारी से आख्या मांगी गई है। सीओ सिटी विनी सिंह ने कहा कि पीड़िता की मांग पर ही उसे घटना के बाद से सुरक्षा प्राप्त है और उसे कहीं भी आने-जाने से नहीं रोका जाता।

वर्ष 2021 में किशोरी की हत्या कर शव को सपा के पूर्व राज्यमंत्री दिवंगत फतेहबहादुर सिंह के कब्बाखेड़ा स्थित दिव्यानंद आश्रम के पास प्लाट में दफना दिया गया था। शव बरामद होने के बाद पुलिस ने दिवंगत किशोरी की मां की तहरीर पर दिवंगत पूर्व राज्यमंत्री के बेटे रजोल सिंह समेत अन्य को जेल भेजा था। अब सभी जमानत पर हैं।