परिसीमन बिल के मुद्दे पर देश की राजनीति गरमाई हुई है। इस बीच NCPI सांसद सयोनी घोष ने बिल का समर्थन करते हुए विपक्षी दलों के विरोध को गैर मतलब बताया। उन्होंने कहा कि इस बिल का विरोध केवल इसलिए किया जा रहा है क्योंकि यह भारतीय जनता पार्टी ला रही है। उनके मुताबिक, विपक्षी दलों को भी पता है कि इसका क्रेडिट भी भाजपा को ही मिलेगा।

स्टालिन द्वारा परिसीमन बिल का समर्थन किए जाने पर सयोनी ने कहा कि दक्षिण भारत के राज्यों की सभी मांगों को इसमें शामिल किया गया है, इसलिए उनके समर्थन न करने का कोई सवाल पैदा नहीं होता। परिसीमन बिल के मुद्दे पर इंडिया ब्लॉक के नेताओं के चेन्नई पहुंचने पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अब 'चिड़िया चुग गई खेत', वहां जाने का कोई मतलब नहीं था। उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीति में बदलाव हो सकते हैं और मुझे लगता है कि अब बहुत देर हो चुकी है, हालांकि राजनीति बहुत तेजी से बदलती है, इसलिए कुछ कहा नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि MK स्टालिन के नेतृत्व में DMK ने जो रुख अपनाया है, वह तमिलनाडु के लोगों के हित में है। केंद्र सरकार हर राज्य के प्रतिनिधित्व में 50% की बढ़ोतरी की उनकी मांग मान गई है और इस व्यवस्था को 25 साल तक यथावत रखने के प्रस्ताव को भी स्वीकार कर लिया है। कभी ममता बनर्जी के साथ रहीं सयोनी घोष ने कहा कि स्टालिन ने इस बिल का समर्थन करके एक समझदारी भरा फैसला किया है।

NCPI सांसद सयोनी घोष ने जोर देकर कहा कि इस बिल में दक्षिण भारत के तमाम राज्यों की चिंताओं को दूर किया गया है। उन्होंने कहा कि अगर 2027 की जनगणना के आधार पर परिसीमन किया जाता, तो यह दक्षिण भारतीय राज्यों के लिए नुकसानदेह होता। केंद्र ने दक्षिण भारत की पार्टियों की मांग को स्वीकार कर लिया है, ऐसे में इसके विरोध का कोई मतलब नहीं रह जाता। उनके अनुसार इसका विरोध केवल इसलिए हो रहा है क्योंकि भाजपा इसे लेकर आई है और वही इसका क्रेडिट भी लेगी।

सयोनी घोष ने इस बिल के विरोध में खड़ी ममता बनर्जी को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने साफ किया कि ममता बनर्जी को भी अपनी बात कहने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ने महिलाओं के लिए काफी कुछ किया है और जहां तक प्रतिनिधित्व की बात है, उन्होंने अपने दायरे में इसे पहले ही सुनिश्चित कर दिया है। विधेयक को लेकर उनकी राय उनकी अपनी निजी सोच को दर्शाती है। हालांकि, सयोनी ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि यह महिलाओं के खिलाफ कोई विधेयक है। उन्होंने कहा कि पिछले 27 सालों से महिलाओं को हाशिए पर रखा गया है, इसलिए व्यापक संदर्भ में देखा जाए तो यह विधेयक देश भर की उन महिलाओं के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है जो राजनीति में आना चाहती हैं, ताकि वे आगे बढ़ सकें और भारत के राजनीतिक परिदृश्य में अपनी भूमिका निभा सकें।