सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज मार्कंडेय काटजू ने रविवार को दावा किया कि अगली बार 2031 में तमिलनाडु में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने मदुरै के पास थिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर हाल ही में दीपाथून में दीपक जलाए जाने की घटना को इसका संकेत बताया। काटजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में यह बात कही।
काटजू ने दीपाथून मामले की तुलना अयोध्या के राम मंदिर आंदोलन से की और कहा कि यह तमिलों के द्रविड़ राजनीति से हिंदुत्व राजनीति की ओर जाने की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि जिस तरह राम जन्मभूमि आंदोलन के कारण भाजपा सत्ता में आई, उसी तरह दीपाथून विवाद का असर भी देखने को मिल सकता है।
अपनी पोस्ट में काटजू ने कहा कि तमिलनाडु की आबादी में लगभग 88 फीसदी हिंदू हैं, जबकि 6 फीसदी ईसाई और मुस्लिम हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा हिंदुओं का प्रतिनिधित्व करने का दावा करती है, इसलिए तमिलनाडु को बहुत पहले भाजपा के राज में आ जाना चाहिए था। उनके मुताबिक ऐसा द्रविड़ पॉलिटिक्स की वजह से नहीं हुआ, जिसका मुख्य प्रचार यह था कि उत्तरी आर्यों ने दक्षिण भारत पर कब्जा कर लिया था और द्रविड़ लोगों पर जुल्म किया, तथा तमिलनाडु में हिंदी थोपने की कोशिश की जा रही थी।
काटजू ने कहा कि 20वीं सदी की शुरुआत में शुरू हुआ द्रविड़ मूवमेंट एक एंटी-ब्राह्मण सोशियो-पॉलिटिकल पहल के तौर पर उभरा। उन्होंने कहा कि तमिल ब्राह्मण आबादी का सिर्फ 3 फीसदी थे, लेकिन राज्य की ज्यादातर टॉप नौकरियों पर उनका कब्जा था। ई. वी. रामासामी (पेरियार) जैसे नेताओं के नेतृत्व में इस मूवमेंट ने वैदिक-ब्राह्मण सिस्टम की आलोचना की। काटजू ने यह भी कहा कि कुछ लोगों को लगता है कि हाल में भाजपा का ग्राफ नीचे गया है, लेकिन वह इससे सहमत नहीं हैं। उनकी राय में भाजपा उन इलाकों में भी बढ़ेगी जहां वह पहले सत्ता में नहीं थी, और इसका सबूत पश्चिम बंगाल में उसकी हालिया जीत है।
