उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया स्पष्ट कर दी है। टिकट के इच्छुक दावेदार संबंधित जिलाध्यक्षों के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं, जबकि जो ऐसा नहीं चाहते, वे प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) कार्यालय में सीधे आवेदन जमा कर सकते हैं। सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए दावेदारों की सूची 15 दिसंबर से पहले तैयार कर स्क्रीनिंग कमेटी को सौंपी जाएगी। कमेटी जिला मुख्यालयों में जाकर दावेदारों का दम परखेगी और सीटवार पैनल तैयार कर प्रदेश चुनाव समिति को देगी। पार्टी ने साफ किया है कि जिताऊ और टिकाऊ उम्मीदवारों पर दांव लगाया जाएगा तथा युवाओं और महिलाओं को प्रतिनिधित्व दिया जाएगा।
देहरादून पहुंची कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी ने रविवार को अपने दौरे के अंतिम दिन प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रत्याशी चयन और आवेदन प्रक्रिया पर प्रदेश कार्यकारिणी व आनुषंगिक प्रकोठों के पदाधिकारियों के साथ बैठकों में मंथन किया। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष दीपा दासमुंशी तथा कमेटी के सदस्य अनिल चौधरी और पालभाई अंबालिया ने पार्टी पदाधिकारियों से चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक समन्वय पर भी विमर्श किया। बैठकों में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, सीडब्लूसी सदस्य करन माहरा समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोदियाल ने स्क्रीनिंग कमेटी के निर्देशों का हवाला देते हुए बताया कि टिकट के दावेदारों की केवल राजनीतिक सक्रियता ही नहीं, बल्कि संगठन के प्रति निष्ठा और पिछले आंदोलनों में भूमिका का भी आकलन होगा। स्थानीय कार्यकर्ताओं और आनुषंगिक संगठनों से फीडबैक लेकर प्रत्याशियों का पैनल तैयार किया जाएगा, जिसमें युवाओं, महिलाओं और समाज के सभी वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व देने पर जोर रहेगा। टिकट चयन में दावेदारों की क्षेत्र में स्वीकार्यता, जनसंपर्क और संगठन की मजबूती में योगदान को कसौटी बनाया जाएगा।
गोदियाल ने बताया कि प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा से बातचीत कर स्क्रीनिंग कमेटी के जिला मुख्यालयों के दौरे का कार्यक्रम निर्धारित किया जाएगा और तब तक पार्टी की प्रदेश चुनाव समिति भी गठित हो जाएगी। प्रदेश कार्यकारिणी और प्रकोठों ने संकल्प लिया है कि पार्टी जिस भी प्रत्याशी को टिकट देगी, पूरा संगठन उसके लिए एकजुट होकर काम करेगा। बूथ और मंडल स्तर तक जनसंपर्क अभियान तेज करने पर भी जोर दिया गया।
