परिसीमन बिल इस समय भारतीय राजनीति का सबसे चर्चित मुद्दा बना हुआ है। सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों अपने नंबर मजबूत करने में जुटे हैं। रविवार को प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा सांसदों के साथ बैठक की, जबकि राहुल गांधी चेन्नई और मुंबई में साथी नेताओं के साथ चर्चा कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, पिछली बार बिल पर असफलता के बाद केंद्र सरकार इस बार आश्वस्त है कि वह इसे पास करा लेगी।
लोकसभा में कुल 543 सदस्य हैं, लेकिन तीन सांसद वोटिंग नहीं कर पाएंगे, जिससे पात्र वोटर्स की संख्या 540 रह जाती है। स्पीकर को हटाकर 539 सांसद वोट दे सकते हैं। संविधान संशोधन के लिए दो-तिहाई बहुमत यानी 360 सांसदों का समर्थन जरूरी है। सामने आए आंकड़ों के अनुसार सरकार को 540 में से 361 सांसदों का समर्थन प्राप्त है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार को समर्थन 371 तक पहुंचने का अनुमान है।
सरकार को यह समर्थन डीएमके और शरद पवार की पार्टी से मिला है। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद जून में इंडिया ब्लॉक से अलग हुई डीएमके के पास 22 सांसद हैं, जबकि शरद पवार की पार्टी के 8 सांसद हैं। डीएमके का तर्क है कि सरकार ने उसकी सभी मांगें मान ली हैं। भाजपा के 240 और एनडीए सहयोगियों के 59 सांसदों सहित अन्य दलों के समर्थन से कुल आंकड़ा 358 तक पहुंचता है। सरकारी सूत्रों को झारखंड मुक्ति मोर्चा के तीन सांसदों के समर्थन की भी उम्मीद है, जिससे संख्या 361 तक पहुंच सकती है।
पिछली बार परिसीमन बिल पर सरकार दो-तिहाई बहुमत जुटाने में 54 वोटों से चूक गई थी। बता दें कि किसी भी संवैधानिक संशोधन के लिए सदन में मौजूद और वोट डालने वाले सदस्यों के दो-तिहाई समर्थन की जरूरत होती है। यदि कुछ सदस्य वोटिंग से दूर रहते हैं, तो विशेष बहुमत के लिए जरूरी संख्या कम हो जाती है।
