राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) की ओर से समान पात्रता परीक्षा (इंटरमीडिएट लेवल) 2026 का आयोजन 1, 2 और 3 दिसंबर 2026 को राज्यभर के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा में अब कुछ ही दिन बाकी हैं, ऐसे में अभ्यर्थियों के लिए जरूरी है कि वे सिलेबस के आधार पर ही तैयारी करें और अंतिम समय में पाठ्यक्रम से बाहर की चीजें पढ़ने से बचें, ताकि समय की बचत हो और बार-बार रिवीजन से परीक्षा आसानी से क्वालीफाई की जा सके।
परीक्षा में 120 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे और प्रश्न पत्र हल करने के लिए ढाई घंटे (2:30 घंटे) का समय दिया जाएगा। प्रत्येक सही उत्तर पर 2 अंक मिलेंगे, जबकि प्रत्येक गलत उत्तर पर 1/3 अंक की माइनस मार्किंग की जाएगी। इसलिए जिन प्रश्नों के उत्तर न मालूम हों, उन पर तुक्का लगाने से बचें।
परीक्षा में राजस्थान का इतिहास, राजस्थान की कला और संस्कृति, भारत का भूगोल, राजस्थान का भूगोल, राजस्थान के विशेष संदर्भ में भारतीय राजनीतिक व्यवस्था, राजस्थान की अर्थव्यवस्था, दैनिक विज्ञान, तार्किक विवेचन एवं गणित, समसामयिक घटनाएं, जन स्वास्थ्य, कंप्यूटर की जानकारी तथा सामान्य हिन्दी एवं अंग्रेजी विषयों से सवाल पूछे जाएंगे।
अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि अंतिम दिनों में निर्धारित सभी टॉपिक का लगातार रिवीजन करें, ताकि कोई भी विषय छूट न जाए। परीक्षा से संबंधित सिलेबस की पूरी जानकारी अभ्यर्थी आधिकारिक स्रोत से प्राप्त कर सकते हैं।
