रामपुर के पीपली जंगल में पुलिस ने अवैध हथियार बनाने की भट्ठी पर मंगलवार को छापा मारा। इस कार्रवाई में उत्तराखंड के दो लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि उनके तीन साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह के अनुसार, मिलक खानम पुलिस को जंगल में अवैध असलहे बनाए जाने की सूचना मिली थी। इस पर थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार के नेतृत्व में एक टीम पदमपुर बार्डर पर छोटी मजार से आगे पहुंची। वहां पांच लोग भट्ठी जलाकर हथियार बनाने में जुटे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपितों को पकड़ लिया, जबकि तीन जंगल की ओर भाग निकले।
पकड़े गए आरोपितों की पहचान धर्मेंद्र सिंह निवासी कलकत्ता/कलकत्ती थाना गदरपुर जिला ऊधमसिंह नगर और टीटू सिंह निवासी गुलाब सिंह का मझरा थाना किलाखेड़ा जिला ऊधमसिंह नगर (उत्तराखंड) के रूप में हुई है। फरार साथियों में दर्शन सिंह निवासी गुलाब सिंह का मझरा और गुरमीत निवासी खुशालपुर थाना गदरपुर की पहचान हुई है, जबकि तीसरे फरार व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है।
मौके से तीन तमंचे 12 बोर, एक देशी बंदूक, दो तमंचे 315 बोर, दो अधबने तमंचे और काफी संख्या में कारतूस बरामद हुए हैं। अवैध असलहे बनाने के उपकरण भी मिले हैं। पुलिस के अनुसार, मौके पर कोई लोहे को गर्म कर हथौड़े से पीट रहा था तो कोई तमंचे की नाल की घिसाई और पुर्जे जोड़ने का काम कर रहा था।
इस मामले में थाने में पांचों लोगों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पकड़े गए धर्मेंद्र के खिलाफ मिलक खानम थाने में आबकारी और वन अधिनियम के मुकदमे दर्ज हैं, जबकि टीटू के खिलाफ वन अधिनियम और उत्तराखंड के किलाखेड़ा थाने में मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपितों की तलाश की जा रही है।
