ऋषिकेश में बदरीनाथ हाईवे पर मंगलवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। हरिद्वार से जोशीमठ जा रही विश्वनाथ सेवा की बस गूलर बाजार के पास रेलिंग तोड़कर करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में नौ श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 25 लोग घायल हुए हैं। मुनिकीरेती के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान ने बताया कि बस भोर के समय दुर्घटनाग्रस्त हुई। घायलों की संख्या पहले 13 बताई गई थी, जो बाद में बढ़कर 25 हो गई।
बस में उत्तराखंड, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, असम, बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के श्रद्धालु सवार थे। पोस्टमार्टम के लिए अब तक पांच शव एम्स ऋषिकेश लाए जा चुके हैं। एआरटीओ जेएस मिश्रा के अनुसार, हादसे वाली जगह पर ढलान है और संभवतः बस चालक तेज स्पीड में था, जिससे ढलान पर बस पर नियंत्रण नहीं रहा और वह खाई में गिर गई।
अधिकारियों के मुताबिक बस के कागज पूरे थे। बस की फिटनेस 25 अक्टूबर 2028 तक, इंश्योरेंस 2027 तक और परमिट 2029 तक वैध है। 32 सीटर यह बस 2024 में खरीदी गई थी और परमवीर सिंह निवासी मदन नेगी प्रतापनगर के नाम पंजीकृत है।
हादसे पर मुख्यमंत्री धामी और प्रधानमंत्री मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है और घायलों के उचित उपचार के निर्देश दिए हैं। घायलों में झारखंड, बिहार, असम, दिल्ली, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल के यात्री शामिल हैं। 19 घायल एम्स ऋषिकेश में भर्ती हैं, जबकि एक व्यक्ति गंभीर अवस्था में है, जिसकी पहचान नहीं हो सकी है।
