बिहार के रोहतास जिले में स्थित प्रसिद्ध सिद्ध शक्तिपीठ भलुनीधाम मंदिर में चोरों ने शनिवार रात गर्भगृह का ताला काटकर मां यक्षिणी भवानी समेत मंदिर की प्रतिमाओं के आभूषण चुरा लिए। पुलिस अधीक्षक (एसपी) राज के अनुसार, मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के कारण पदाधिकारी सहित कुल पांच पुलिसकर्मियों को देर रात निलंबित कर दिया गया है। निलंबित पुलिसकर्मियों में पुलिस अवर निरीक्षक शंभू शरण पासवान और कन्हैया चौहान, सिपाही सुनील कुमार पासवान, गौतम कुमार दास तथा महिला सिपाही सिकांति कुमारी शामिल हैं।

पुजारी बच्चाजी पांडेय के अनुसार, चोर मां का चांदी का मुकुट, छतरी, दो हार, छह पादुकाएं, सोने की नथिया और मंगटीका भी चुराकर ले गए। मंदिर के मुख्य दरवाजे पर स्थापित हनुमान प्रतिमा की सोने की दोनों आंखें और द्वार के दोनों ओर बाघों की प्रतिमाओं की चांदी की चारों आंखें भी उखाड़ ली गईं। रविवार सुबह पूजा के लिए पहुंचे पुजारियों ने ताला कटा देखा और गहने गायब पाए।

सूचना मिलने पर एसपी राज ने मौके पर पहुंचकर जांच की। चोरों की गिरफ्तारी और मामले के खुलासे के लिए एक विशेष जांच दल (एसआइटी) गठित की गई है। बिक्रमगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिंधु शेखर सिंह ने बताया कि चोरी गए चांदी के आभूषणों का वजन करीब दो किलो है। पुजारी ने गहनों की कीमत पांच लाख रुपये से अधिक बताई है।