रुड़की के मेन बाजार में मंगलवार देर रात बाटा शोरूम के पास बाइक और स्कूटी की आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में चिकित्सकों ने स्कूटी सवार अर्श (28), निवासी दद्देडू, मुजफ्फरनगर तथा बाइक सवार मोनू दिवाकर (30), निवासी अंबर तालाब, कोतवाली गंगनहर को मृत घोषित कर दिया। हादसे में बाइक सवार घायल अजीम निवासी निराला, थाना सिखेड़ा, मुजफ्फरनगर का उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार अर्श रुड़की में रहकर एक निजी फार्मेसी कॉलेज से पढ़ाई कर रहा था। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
