रुद्रपुर की इंदिरा कॉलोनी में एक पिता पर पारिवारिक विवाद के बीच अपने बेटे की हत्या के इरादे से उस पर लोहे की सब्बल से कई वार करने का आरोप है। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक आईसीयू में भर्ती है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद आरोपित पिता घर से नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
इंदिरा कॉलोनी निवासी विक्की पुत्र सुरेश कुमार के अनुसार, 22 नवंबर की शाम करीब छह बजे उसका बड़ा भाई अनिल कुमार घर पर सो रहा था। इसी दौरान उनके पिता सुरेश कुमार ने लोहे की सब्बल से उसके सिर पर कई वार कर दिए, जिससे अनिल गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी मिलते ही विक्की उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया।
आरोप है कि अनिल कोमा में चला गया है और वह न तो बोल पा रहा है और न ही सुन पा रहा है। आरोप है कि घटना के बाद पिता घर में रखे करीब 50 से 60 हजार रुपये, दो तोला सोना और 100 ग्राम चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गया। उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। आरोप है कि घर से जाने से पहले पिता ने रसोई गैस सिलेंडर में आग लगाने के साथ ही घर में तोड़फोड़ भी की।
सीओ सिटी विभव सैनी ने बताया कि आरोपित पिता सुरेश कुमार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।
