केरल का स्वास्थ्य विभाग सबरीमाला यात्रा पर जाने वाले अयप्पा भक्तों के लिए सुरक्षा गाइडलाइंस जारी की है। विभाग ने खासतौर पर दिल की बीमारियों से जुड़े जोखिम को ध्यान में रखते हुए ये निर्देश दिए हैं, क्योंकि पंपा से सबरीमाला तक का रास्ता खड़ी चढ़ाई वाला है और हर साल लाखों भक्त यहां पहुंचते हैं। ऐसे में कई बार स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सामने आती रही हैं।
विभाग के अनुसार, दिल की किसी भी बीमारी से पीड़ित भक्त यात्रा शुरू करने से पहले मेडिकल चेकअप कराएं और डॉक्टर से फिटनेस क्लियरेंस लें। हाल ही में दिल का दौरा पड़े लोगों, बाईपास सर्जरी या एंजियोप्लास्टी कराने वालों और हार्ट फेलियर के मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टर की सलाह के बिना ट्रेक पर न जाने की सलाह दी गई है। भक्त अपनी बीमारियों को नियंत्रण में रखें, नियमित दवाएं लेना न छोड़ें और दवाओं का प्रिस्क्रिप्शन भी साथ रखें, ताकि जरूरत पड़ने पर मेडिकल स्टाफ को सही जानकारी मिल सके। ब्लड प्रेशर, डायबिटीज या अन्य लाइफस्टाइल बीमारियों वाले लोगों के लिए भी अतिरिक्त सावधानी जरूरी बताई गई है।
चढ़ाई के दौरान अपनी शारीरिक क्षमता के अनुसार ही चलें, जल्दी करने या तेज चलने से बचें और रास्ते में बार-बार रुककर आराम करें। पर्याप्त पानी पिएं, लेकिन जिन्हें डॉक्टर ने पानी कम पीने की सलाह दी है, वे डॉक्टर की सलाह का पालन करें। खाली पेट चढ़ाई न करें और हल्का खाना खाकर आगे बढ़ें। भीड़ में धक्का-मुक्की या दौड़ने से बचें, क्योंकि इससे अचानक तनाव बढ़ सकता है और दिल पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है।
विभाग ने कार्डियक इमरजेंसी के लक्षण भी बताए हैं, जिनमें सीने में दर्द, भारीपन या जकड़न, बेचैनी या घबराहट, सांस लेने में तकलीफ, बहुत ज्यादा पसीना आना, चक्कर या बेहोशी आना, दिल की धड़कन का असामान्य होना, अचानक बहुत ज्यादा थकान और दर्द का बाजुओं, जबड़े या पीठ तक फैलना शामिल है। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत चलना बंद करें, सुरक्षित जगह पर बैठकर आराम करें और नजदीकी इमरजेंसी मेडिकल सेंटर से मदद लें। जरूरत पड़ने पर एंबुलेंस सेवा का इस्तेमाल करें। इमरजेंसी मदद के लिए भक्त 04735 203232 नंबर पर कॉल कर सकते हैं। मंडला तीर्थयात्रा सीजन 17 नवंबर को शुरू हो चुका है और मंडला पूजा 27 दिसंबर तक चलेगी। इसके बाद मंदिर कुछ दिनों के लिए बंद रहेगा और 30 दिसंबर को मकरविलक्कू तीर्थयात्रा सीजन के लिए फिर से खुलेगा। मकर संक्रांति का मुख्य त्योहार 14 जनवरी को मनाया जाएगा और भक्त 19 जनवरी तक दर्शन कर सकेंगे, जिसके बाद 20 जनवरी को मंदिर बंद हो जाएगा।
