लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत जल्द शुरू हो सकती है। कांग्रेस की ओर से कमेटी बनाए जाने के बाद अब समाजवादी पार्टी ने भी इंडिया गठबंधन के तहत सीट समझौते के लिए कमेटी गठित कर दी है। सपा मुखिया अखिलेश यादव की ओर से बनाई गई इस कमेटी में राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और सांसद इकरा चौधरी शामिल हैं।
इससे पहले कांग्रेस ने 16 नवंबर को पांच सदस्यीय कमेटी गठित की थी। इसमें राष्ट्रीय महासचिव एवं वायनाड सांसद प्रियंका गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद शामिल हैं। कांग्रेस कमेटी बनने के अगले दिन यानी 17 नवंबर को सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर बैठक होनी थी, लेकिन वह टल गई थी। अखिलेश यादव और राहुल गांधी की मुलाकात के बाद बैठक टलने की जानकारी सामने आई थी। हालांकि, सियासी गलियारों में यह चर्चा भी हो रही है कि कांग्रेस की ओर से 181 सीटों की मांग के कारण बैठक टाली गई थी और सीटों पर फिर से मंथन किया जा रहा है।
दोनों दलों की ओर से दावा किया जा रहा है कि नवंबर में ही यूपी में सीट बंटवारे पर बात फाइनल हो जाएगी। इसको लेकर दोनों पार्टियां सीटों पर मंथन कर रही हैं। अब सपा की ओर से कमेटी गठित होने से साफ हो गया है कि सीट बंटवारे को लेकर बैठक जल्द हो सकती है।
कांग्रेस की ओर से पहले 181 सीटों की मांग की गई थी। अखिलेश यादव ने खुद एक इंटरव्यू में इस बात का खुलासा किया था। इनमें कई ऐसी सीटें थीं, जिन पर सपा के विधायक हैं। हालांकि, अब बताया जा रहा है कि कांग्रेस को वे सीटें दी जा सकती हैं, जिन पर वह जीत सकती है। यूपी सीट बंटवारे में जिताऊ सीट का फार्मूला रखा गया है। दोनों पार्टियों की ओर से कहा गया है कि जिताऊ सीट ही फार्मूला होगा।
