समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को संविधान दिवस के मौके पर लखनऊ में एक जनसभा में चुनावी घोषणापत्र जारी किया। पार्टी ने इसे 'जन-मन का मैनिफेस्टो' और 'पीडीए का प्रणपत्र' नाम दिया है। घोषणापत्र जारी करते समय सपा सरकार में मंत्री रहे आजम खान और अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर आजम खान ने कहा कि एक समय ऐसा लग रहा था कि उनका और अखिलेश यादव का एनकाउंटर किया जाएगा और दोनों को अलग-अलग गाड़ियों में लाया गया। उन्होंने कहा कि जेल की जिंदगी मौत से भी बदतर थी और उनके साथ अंग्रेजों से भी बुरा बर्ताव किया गया। आजम खान ने कहा कि वे वोट कटवा नहीं, वोट जुड़वा हैं और अब अखिलेश यादव के साथ हैं।
घोषणापत्र जारी करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अच्छे दिन नहीं आए हैं, लेकिन बुरे दिन जाने वाले हैं। समाजवादी पार्टी ने घोषणापत्र के जरिए महिलाओं, युवाओं, किसानों और कर्मचारियों को साधने की तैयारी की है। पार्टी ने घोषणापत्र में 25 लाख युवाओं को नौकरी देने और बेरोजगारों को हर महीने 5 हजार रुपये देने जैसे बड़े वादे किए हैं।
सपा प्रमुख इससे पहले भी महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये देने, स्त्री समृद्धि योजना, आउटसोर्सिंग व्यवस्था खत्म कर पक्की नौकरी, पुरानी पेंशन योजना लागू करने, भर्तियों में पूरा आरक्षण और गन्ना किसानों को 24 घंटे में भुगतान जैसे वादे कर चुके हैं। वर्ष 2022 के अपने घोषणापत्र में सपा ने 300 यूनिट मुफ्त बिजली, किसानों की कर्जमाफी और लैपटॉप वितरण जैसे वादे किए थे।
