सरायरंजन प्रखंड के नरघोघी स्थित श्री राम जानकी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में रविवार को एमबीबीएस के पहले बैच की पढ़ाई विधिवत शुरू हुई। व्हाइट कोट सेरेमनी में 49 नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने सफेद कोट धारण कर चिकित्सा जगत में अपनी शुरुआत की। समारोह का उद्घाटन स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि यह सरायरंजन और समस्तीपुर के लिए गौरव की बात है। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग से 50 सीटों की स्वीकृति मिलने के बाद शैक्षणिक सत्र 2026-27 शुरू हुआ है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि चिकित्सा का उद्देश्य केवल उपचार नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की सेवा भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को आधुनिक चिकित्सा तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और शोध के क्षेत्र में आवश्यक संसाधन व सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
समारोह की अध्यक्षता स्थानीय विधायक सह उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने की। उन्होंने बताया कि नवंबर 2019 में मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रखी गई थी। उन्होंने कहा कि समाज को विद्यार्थियों से बड़ी अपेक्षाएं हैं और उन्हें अपनी शिक्षा, सेवा व व्यवहार से उन पर खरा उतरना चाहिए। उन्होंने बताया कि कॉलेज में चिकित्सकों व चिकित्सा कर्मियों की रिक्तियां बीपीएससी को भेज दी गई हैं और शीघ्र नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
समारोह का संचालन डॉ. निशांत कुमार ने किया, प्राचार्य डॉ. एसके कर्ण ने स्वागत किया तथा अस्पताल अधीक्षिका डॉ. पूनम कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम को केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर व स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने भी संबोधित किया। मौके पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, विधायक अश्वमेघ देवी, महेश्वर हजारी, राजकुमार राय, रणविजय साहू, पूर्व विधायक रामबालक सिंह और जदयू जिलाध्यक्ष डॉ. दुर्गेश राय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
