कॉमेडियन समय रैना दुनिया के पहले ऐसे यूट्यूब क्रिएटर बन गए हैं, जिनके चैनल के सदस्यों (चैनल मेंबर्स) की संख्या दस लाख (एक मिलियन) के आंकड़े को पार कर गई है। हालिया पोस्ट में यूट्यूब टीम ने कहा कि ग्रैंडमास्टर्स के साथ बातचीत से लेकर 'इंडियाज गॉट लेटेंट' जैसा शो बनाने तक, समय ने अपने चैनल को लाखों लोगों के लिए एक बेहतरीन वर्चुअल हैंगआउट बना दिया है। टीम के मुताबिक, यह आंकड़ा भारत में चल रहे एक बड़े सांस्कृतिक बदलाव को दर्शाता है, जहां दर्शक अब केवल दूर से देखने वाले नहीं रह गए हैं। पोस्ट के अनुसार, सिर्फ जून 2026 में भारत में 12 लाख से ज़्यादा फैंस ने यूट्यूब पर कम से कम एक चैनल मेंबरशिप खरीदी, जिससे भारतीय क्रिएटर्स की मेंबरशिप से होने वाली कमाई में साल-दर-साल 25% से ज़्यादा की बढ़ोतरी हुई। फिलहाल यूट्यूब पर समय के 1.24 करोड़ (12.4 मिलियन) सब्सक्राइबर्स हैं।
समय रैना कई विवादों में फंस चुके हैं और कानूनी पचड़े में भी रहे हैं। फरवरी 2025 में उनके शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' से जुड़ा विवाद तब शुरू हुआ, जब यूट्यूबर रणवीर अल्लाहबादिया ने एक एपिसोड के दौरान माता-पिता और सगे संबंधियों के बीच यौन संबंध को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। इस टिप्पणी से सोशल मीडिया पर व्यापक आक्रोश पैदा हुआ और कई लोगों ने कॉमेडी के नाम पर सीमा पार करने के लिए पैनल की आलोचना की। इस घटना के चलते रणवीर, समय और शो से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ कई पुलिस शिकायतें और एफआईआर दर्ज की गईं। क्लिप वायरल होने के बाद विरोध तेज हो गया, जिसके चलते रणवीर को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी पड़ी। समय ने भी माफी मांगी और बताया कि उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल से शो के सभी एपिसोड हटा दिए हैं।
2026 में समय ने अपना कॉमेडी स्पेशल 'स्टिल अलाइव' रिलीज किया, जिसमें उन्होंने बताया कि विवाद के दौरान उनके साथ क्या हुआ। इसी स्पेशल के दौरान उन्होंने शो के दूसरे सीजन की भी घोषणा की, जिससे फैंस के बीच उत्साह बढ़ गया। नया सीजन यूट्यूब और नेटफ्लिक्स दोनों पर रिलीज किया गया। इसकी शुरुआत आलिया भट्ट के गेस्ट के तौर पर आने से हुई, जिसके बाद वरुण धवन, हुमा कुरैशी, करण औजला और अन्य लोग पैनलिस्ट के रूप में नजर आए।
'इंडियाज गॉट लेटेंट' सीजन 2 के फिनाले एपिसोड में समय ने कहा, "मैंने कभी नहीं सोचा था कि ऐसा होगा। दो साल पहले जब विवाद हुआ था, तो सब कुछ बिगड़ गया था। जब हम कनाडा में थे, तब मैं डिप्रेशन में था। मैं चैटजीपीटी से पूछता था, 'तुम्हें क्या लगता है, समय रैना अपना शो वापस कब ला पाएगा?' चैटजीपीटी जवाब देता था, 'अभी कुछ पक्का नहीं है।' फिर मैं लिखता था, 'प्लीज हां कह दो।' मुझे बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि शो इस तरह से वापस आएगा।"
