अमेरिकी सरकार ने आयोवा में लगभग 4.4 टन लेड एजाइड विस्फोटक को नियंत्रित धमाके से नष्ट कर दिया है। यह विस्फोटक 68 ड्रमों में रखा गया था और 60 साल से अधिक पुराना हो चुका था। लंबी कानूनी लड़ाइयों, विरोध प्रदर्शनों और बार-बार हुई देरी के बाद यह कार्रवाई की गई। धमाके के बाद अधिकारियों ने ऑपरेशन को पूरी तरह सफल बताया और आसपास के निवासियों को अपने घरों में लौटने की अनुमति दे दी।
पर्यावरण संरक्षण एजेंसी के अनुसार, धमाके के कई घंटों बाद भी क्षेत्र की हवा में सीसे के कण नहीं पाए गए। एहतियात के तौर पर अगले कुछ दिनों तक जांच जारी रहेगी। संघीय आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी ने भी प्लांट के आसपास के इलाके को सुरक्षित घोषित किया है। लेड एजाइड एक प्राथमिक विस्फोटक है, जिसका इस्तेमाल ग्रेनेड जैसे हथियारों में विस्फोट शुरू करने के लिए किया जाता है। अमेरिका ने करीब 15 साल पहले इसका इस्तेमाल बंद कर दिया था, क्योंकि इसे सुरक्षित रखना और एक जगह से दूसरी जगह ले जाना बेहद कठिन है। 2009 में बचा हुआ स्टॉक आयोवा के इस प्लांट में इकट्ठा किया गया था।
11 मार्च को नियमित जांच में ड्रमों के बाहरी हिस्सों पर क्रिस्टलाइजेशन पाया गया था। इस अवस्था में लेड एजाइड रगड़ के प्रति इतना संवेदनशील हो जाता है कि एक बोल्ट खोलने मात्र से भी विस्फोट की श्रृंखला शुरू हो सकती है। विशेषज्ञों ने इसे रासायनिक रूप से निष्क्रिय करने, जलाने, दूसरी जगह ले जाने और यूं ही रखे रहने जैसे विकल्पों पर विचार किया, लेकिन सभी को खारिज कर दिया। ब्यूरो ऑफ अल्कोहल, टोबैको, फायरआर्म्स एंड एक्सप्लोसिव्स के निदेशक रॉबर्ट सेकाडा ने कहा था कि सवाल यह नहीं है कि विस्फोट होगा या नहीं, बल्कि यह है कि यह कब होगा।
धूल को फैलने से रोकने के लिए सेना ने बंकरों के चारों ओर दो मंजिला ऊंची रेत की दीवारें, पानी की दीवार, जेल ब्लॉक और दो फीट मोटी फोम की परत बिछाई गई थी। हवा में सीसे के स्तर पर नजर रखने के लिए ड्रोन तैनात किए गए थे। प्लांट के दक्षिण-पश्चिम में पांच मील के क्षेत्र और एक मील के बफर जोन को खाली कराया गया था। आयोवा की गवर्नर किम रेनॉल्ड्स ने तीन काउंटियों में आपदा आपातकाल घोषित किया है, जबकि मिसौरी ने अपना राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र सक्रिय कर दिया है। अमेरिकी कृषि विभाग के अनुसार, इससे 350 खेत प्रभावित हो सकते हैं।
