26 नवंबर 2008 को लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकियों ने कराची के समुद्री रास्ते से मुंबई में घुसकर ताज होटल, ओबेरॉय ट्राइडेंट, सीएसटी स्टेशन और नरीमन हाउस समेत कई ठिकानों पर हमले किए थे। इन हमलों में 160 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी और घायलों की संख्या असंख्य थी। 18 साल बाद भी शहीदों को इंसाफ नहीं मिला है और हमलों के गुनहगार पाकिस्तान में खुलेआम घूम रहे हैं।
हमलों के बाद जिंदा पकड़े गए आतंकी अजमल कसाब और बाद में डेविड हेडली के बयानों से, जैसा कि बताया जाता है, यह साबित हुआ था कि पूरी साजिश पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI और वहां की सेना की मिलीभगत से अंजाम दी गई थी। भारतीय खुफिया एजेंसियों के मुताबिक हमलों को अंजाम देने वाले 6 आतंकी पाकिस्तान में बेखौफ घूम रहे हैं, जिनमें लश्कर-ए-तैयबा का सरगना हाफिज सईद और संगठन का ऑपरेशन प्रमुख जकी-उर-रहमान लखवी भी शामिल हैं। इनके अलावा लश्कर का कमांडर साजिद मजीद उर्फ साजिद मीर, पाकिस्तानी सेना के रिटायर्ड मेजर अब्दुर रहमान हाशिम सैयद उर्फ पाशा और ISI के दो अधिकारी मेजर इकबाल और मेजर समीर अली के नाम शामिल हैं। खुफिया एजेंसियों के मुताबिक इन आरोपियों को पाकिस्तानी हुकूमत का संरक्षण हासिल है।
दुनियाभर से मिली हिकारत के बाद पाकिस्तान ने कुछ आतंकियों को सजा जरूर सुनाई थी, लेकिन भारतीय खुफिया अधिकारियों का कहना है कि यह सब ढोंग था। हाफिज सईद को 2020 में अमेरिका के दबाव में 78 साल की कैद की सजा सुनाई गई थी, लेकिन अधिकारियों के मुताबिक उसे ISI का संरक्षण मिला हुआ है और वह खुलेआम आतंकी गतिविधियों को अंजाम दे रहा है। वहीं लखवी को 2021 में टेरर फंडिंग के आरोप में तीन-तीन साल की पांच सजाएं सुनाई गई थीं, लेकिन वह भी अब आजाद है। साजिद मीर को कथित तौर पर गिरफ्तार कर आठ साल की जेल की सजा सुनाई गई थी, लेकिन इसकी पुख्ता जानकारी नहीं है कि वह कहां है। ISI के 2 अधिकारियों और एक पूर्व सैन्य अधिकारी के खिलाफ आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
26/11 की साजिश मुख्य रूप से 10 आरोपियों ने रची थी, जिनमें से सात हमलों के वक्त पाकिस्तान में थे। जानकारी के मुताबिक अबू कहाफा, अबू अलकमा, मुजम्मिल, अबू अनस और अबू हमजा ने इन 10 आतंकवादियों को ट्रेनिंग और पनाह देने में अहम भूमिका निभाई थी और ये आतंकी भी पाकिस्तान में ही हैं। दो साजिशकर्ता मारे गए — लश्कर के पूर्व उप-प्रमुख और हाफिज सईद के साले अब्दुल रहमान मक्की की दिसंबर 2024 में लाहौर में मौत हुई थी, जबकि अल-कायदा और हरकत-उल जिहाद इस्लामी का नेता इलियास कश्मीरी जून 2011 में एक अमेरिकी ड्रोन हमले में मारा गया था। भारतीय एजेंसियों ने 10 साजिशकर्ताओं में से 2 पर शिकंजा कसा है। NIA ने 2011 में अमेरिकी नागरिक डेविड कोलमैन हेडली से अहम पूछताछ की, हालांकि अमेरिका ने उसे हिरासत में लेने की इजाजत नहीं दी। लेकिन हेडली के दोस्त, पाकिस्तानी-कनाडाई नागरिक तहव्वुर राणा को पिछले साल अप्रैल में प्रत्यर्पित कर लिया गया और वह तिहाड़ जेल में बंद है। राणा से पूछताछ के आधार पर अधिकारियों ने पिछले साल जुलाई में 26/11 हमलों में एक नई चार्जशीट भी दाखिल की है।
