ब्रिटेन 18वीं-19वीं सदी में मशीनों, कारखानों, रेलवे और आधुनिक तकनीक के विकास से दुनिया की बड़ी आर्थिक और औद्योगिक ताकत बना। लेकिन इस तरक्की में गुलाम बनाए गए लाखों अफ्रीकी लोगों के शोषण की भी भूमिका रही। औद्योगिक विकास के साथ कपास, चीनी, तांबे और दूसरे कच्चे माल की मांग बढ़ी। इसे पूरा करने के लिए ब्रिटिश कारोबारियों ने कई देशों में अपना व्यापार फैलाया। इस दौरान अफ्रीका से लाखों लोगों को जबरन जहाजों में भरकर अमेरिका और कैरेबियाई देशों में ले जाया गया, जहां उनसे खेतों, खदानों और कारखानों में बेहद कठिन परिस्थितियों में काम कराया जाता था। इस तरह गुलामी से होने वाली कमाई ब्रिटेन की आर्थिक तरक्की का हिस्सा बन गई।
ब्रिटेन ने 1807 में गुलामों के व्यापार पर प्रतिबंध लगाया और लंबे समय से चल रहे गुलामी विरोधी आंदोलन की वजह से 1833 में अपने साम्राज्य के ज्यादातर हिस्सों में गुलामी खत्म करने का कानून बनाया। हालांकि इसका असर ब्रिटिश कारोबारियों के कामकाज पर नहीं पड़ा और वे दूसरे देशों में गुलामी से जुड़े कारोबार में निवेश कर मुनाफा कमाते रहे। क्यूबा इसका बड़ा उदाहरण था, जहां तब स्पेन का शासन था और कॉफी के बागानों में गुलाम अफ्रीकी लोगों से काम कराया जाता था। 1817 में ब्रिटेन के दबाव में स्पेन ने अफ्रीकी लोगों की तस्करी रोकने के लिए समझौता किया, लेकिन अधिकारियों ने ठोस कदम नहीं उठाए। नतीजतन अवैध तरीके से लोगों को क्यूबा लाने का सिलसिला जारी रहा और 1859 में ही करीब 25 हजार अफ्रीकी लोगों को गुलाम बनाकर वहां लाया गया।
1840 के दशक में क्यूबा ब्रिटेन के लिए तांबे का सबसे बड़ा विदेशी स्रोत था। सैंटियागो डी क्यूबा के पास एल कोब्रे की खदान से बड़ी मात्रा में तांबा निकाला जाता था, जिसकी जरूरत मैनचेस्टर के कपड़ा उद्योग, रेलवे और टेलीग्राफ के विस्तार में थी। खदान में पुरुषों को गुलाम बनाकर काम कराया जाता था, उन्हें जेल जैसी परिस्थितियों में रखा जाता और उनके साथ मारपीट भी की जाती थी। इस कारोबार में बैंक ऑफ इंग्लैंड के तत्कालीन निदेशक चार्ल्स पास्को ग्रेनफेल और विलियम थॉम्पसन भी संलिप्त थे। ग्रेनफेल खनन कंपनी का साझेदार था, जबकि थॉम्पसन तांबा निर्यात करने वाली कंपनी का निदेशक। इस कारोबार से निवेशकों को मोटा मुनाफा हुआ और 1836 से 1865 के बीच हर 40 पाउंड के शेयर पर 102 पाउंड का लाभांश मिला।
ब्रिटेन में गुलामी खत्म होने के बाद भी वहां के कारोबारियों को दूसरे देशों में इस व्यवस्था से मुनाफा कमाने से रोकना आसान नहीं था। 1843 में ब्रिटिश नागरिकों को विदेशों में गुलाम बनाए गए लोगों का मालिक बनने से रोकने के लिए कानून बनाने की पहल हुई और ब्राजील तथा क्यूबा में ब्रिटिश खनन कंपनियों की जांच में ऐसे मामले सामने भी आए। हालांकि कारोबारियों के दबाव में कानून को कमजोर कर दिया गया और कंपनियों को गुलाम मजदूरों को अपने पास रखने और उनसे काम कराने की छूट मिल गई। एल कोब्रे की खदान में गुलामी की व्यवस्था 1868 में खत्म हुई, जब क्यूबा के क्रांतिकारियों ने स्पेन की सेना को हराकर शहर पर कब्जा कर लिया और खदान में काम करने वाले गुलाम लोगों को आजाद कर दिया। इनमें से कई बाद में क्यूबा की मुक्ति सेना में शामिल हो गए।
