छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के चंदलीडीह गांव में रामनामी इको टूरिज्म की शुरुआत की गई है। जिला प्रशासन और रामनामी समुदाय के संयुक्त प्रयासों से विकसित किए जा रहे इस पर्यटन स्थल का उद्देश्य पर्यटकों को प्रकृति, आस्था, संस्कृति और रोमांच का अनुभव देने के साथ छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना है। शुरुआत के पहले ही दिन रूस से आए दो विदेशी पर्यटक यहां पहुंचे और उन्होंने गांव की प्राकृतिक सुंदरता तथा सांस्कृतिक परिवेश का अनुभव किया।

इस स्थल की सबसे बड़ी खासियत यहां की रामनामी संस्कृति है। भगवान श्रीराम के प्रति अटूट आस्था रखने वाला रामनामी समाज अपनी विशिष्ट धार्मिक परंपराओं के लिए जाना जाता है। इस समुदाय के लोग शरीर पर राम नाम का गोदना गुदवाते हैं और राम नाम अंकित वस्त्र पहनते हैं। भजन-कीर्तन और आध्यात्मिक जीवनशैली भी उनकी पहचान है। इको टूरिज्म के जरिए पर्यटकों को इस समुदाय की जीवनशैली, आस्था और सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।

पर्यटकों के लिए यहां पिकनिक, नौकायन, बैंबू राफ्टिंग और कयाकिंग जैसी गतिविधियों का भी इंतजाम किया गया है। इसके अलावा पर्यटक रात में कैंपिंग कर सकेंगे और सतखंडा पहाड़ की पदयात्रा भी कर सकेंगे। प्राकृतिक सुंदरता के बीच विकसित किया जा रहा यह स्थल परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताने के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन सकता है।

जिला प्रशासन घरेलू और विदेशी पर्यटकों की संभावित आमद को देखते हुए सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने में जुटा है। इस पहल से स्थानीय ग्रामीणों के लिए रोजगार और आय के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। रामनामी समाज की सांस्कृतिक विरासत को पर्यटन से जोड़कर चंदलीडीह को छत्तीसगढ़ के एक खास पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी है।