संतकबीर नगर के भनवापुर ब्लॉक क्षेत्र में खेतों में जलभराव के कारण धान की कटाई नहीं हो पा रही है। नवंबर का आधा महीना बीतने के बाद भी 60 से 70 प्रतिशत किसानों के खेतों में धान की कटाई बाकी है। खेतों में कीचड़ और पानी के कारण कंबाइन मशीनें भी वहां तक नहीं पहुंच पा रही हैं। फसल पूरी तरह पक चुकी है और हवा तेज होने पर किसानों को फसल गिरने की चिंता है।

ब्लॉक क्षेत्र के गागापुर, मनिकौरा, सिंगारजोत, सफीपुर, परसोहिया तिवारी, रोहांव बुजुर्ग और बौनाजोत सहित अन्य गांवों के सीवान के अधिकांश हिस्सों में अब भी पानी भरा हुआ है। धान की कटाई नहीं होने से गेहूं की बोआई भी पिछड़ रही है, क्योंकि खेत खाली न होने के कारण जोताई नहीं हो पा रही। कृषि विज्ञान केंद्र सोहना के विज्ञानी डॉ. मार्कण्डेय सिंह के अनुसार गेहूं बोआई के लिए 10 नवंबर से 10 दिसंबर का समय सबसे उपयुक्त माना जाता है।

किसान जयशंकर शुक्ल और हफीजुल्ला ने बताया कि खेतों में पानी भरा होने से न धान की कटाई हो पा रही है और न ही समय पर गेहूं के बीज बोए जा सकते हैं। ऐसी स्थिति रहने पर किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। व्यासमुनि और द्वारिका ने बताया कि बैंक और अन्य माध्यमों से कर्ज लेकर धान की फसल उगाई थी, लेकिन अब समझ नहीं आ रहा कि परिवार का गुजारा कैसे होगा और कर्ज कैसे चुकाएंगे।

डॉ. मार्कण्डेय सिंह का कहना है कि किसानों को पानी की निकासी कराकर धान की कटाई करा लेनी चाहिए, क्योंकि अब और विलंब ठीक नहीं होगा। जलभराव के कारण कटाई में देरी होने से किसान फसल नुकसान और आर्थिक संकट को लेकर चिंतित हैं।