उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का अंतिम संस्कार आज हरिद्वार के चंडीघाट स्थित श्मशान घाट पर किया जाएगा। उनका शुक्रवार को पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक के अपने पैतृक गांव पंचूर में 90 वर्ष की आयु में निधन हो गया था।
पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण शनिवार तड़के चंडीघाट पहुंचे और श्मशान घाट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनकी देखरेख में अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही हैं। श्मशान घाट को फूलों और हरी पत्तियों की लड़ियों से सजाया जा रहा है। प्रशासन के अनुसार अंतिम संस्कार सुबह 10 बजे होगा, जिसके लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली।
अंतिम संस्कार में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उनके मंत्रिमंडल के सदस्य, उत्तर प्रदेश के मंत्री, भाजपा के वरिष्ठ नेता और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में साधु-संतों के शामिल होने की संभावना है।
