अनंतनाग जिले में अमरनाथ यात्रा मार्ग पर स्थित पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील शेषनाग झील के निकट निर्माण गतिविधियों को रोकने की मांग तेज हो गई है। चेंज डाट ओआरजी पर शुरू की गई ऑनलाइन याचिका को अब तक करीब 1,600 लोगों का समर्थन मिल चुका है। ‘स्टाप कंस्ट्रक्शन अराउंड कश्मीर्स एल्पाइन लेक्स’ शीर्षक से जरकुआ बांडे द्वारा शुरू की गई इस याचिका में सरकार से निर्माण कार्य रोकने और स्थानीय पर्यावरणविदों व समुदायों के साथ विचार-विमर्श कर टिकाऊ समाधान तलाशने की अपील की गई है।
याचिका में कहा गया है कि विकास और बेहतर संपर्क के नाम पर कश्मीर की अछूती प्राकृतिक धरोहरों के बीच सड़कें बनाने की योजना पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। इससे प्रदूषण, वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास का विनाश और पर्यटन का अनियंत्रित दबाव बढ़ सकता है। याचिकाकर्ता ने सड़क निर्माण के बजाय नियंत्रित पर्यटन, सीमित प्रवेश परमिट, गाइडेड ट्रेकिंग और पर्यावरण अनुकूल आवास जैसी व्यवस्थाएं अपनाने का सुझाव दिया है। इसमें स्विट्जरलैंड के आल्प्स क्षेत्र का उदाहरण भी दिया गया है।
इस बीच कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष तारिक हमीद करा ने शेषनाग के पास जेसीबी मशीन लगाने पर सवाल उठाते हुए सरकार से निर्माण का उद्देश्य और विभिन्न विभागों से मिली अनुमतियों का विवरण सार्वजनिक करने की मांग की है।
