सिद्धार्थनगर जिले की शोहरतगढ़ विधानसभा सीट से अपना दल (सोनेलाल) के विधायक विनय वर्मा एक सरकारी कार्यक्रम में भाजपा सांसद जगदंबिका पाल से हुए विवाद के बाद चर्चा में आ गए हैं। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। अनुप्रिया पटेल की अपना दल (सोनेलाल) एनडीए के साथ गठबंधन में है, ऐसे में चुनाव से पहले सहयोगी दलों के जनप्रतिनिधियों के आपस में भिड़ने से यूपी की सियासत में सियासी माहौल गरमा गया है। विधायक विनय वर्मा भाजपा से नजदीकियों को लेकर भी लंबे समय से चर्चा में रहे हैं।

घटना 21 नवंबर की बताई जा रही है। सिद्धार्थनगर जिले के बढ़नी में आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी परिसर में 19.66 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के निर्माण कार्य के शिलान्यास एवं भूमिपूजन के दौरान यह घटना हुई। आरोप है कि मंच से विधायक का नाम नहीं लिया गया।

इसके बाद मंच पर सांसद जगदंबिका पाल के समर्थकों और विधायक विनय वर्मा के समर्थकों के बीच कहासुनी के बाद हाथापाई और मारपीट शुरू हो गई। मौके पर मौजूद पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों को अलग किया। इस दौरान सांसद जगदंबिका पाल के तेवर भी काफी गरम नजर आए। शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा पर भी मंच से अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगा है। आरोप है कि विधायक और उनके समर्थकों ने अभद्रता और मारपीट की। इस मामले में एक पक्ष ने ढेबरुआ थाने में विधायक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

विनय वर्मा अपना दल (एस) के टिकट पर पहली बार 2022 के विधानसभा चुनाव में शोहरतगढ़ सीट से जीतकर आए हैं। यह सीट कांग्रेस का गढ़ मानी जाती रही है। उनका परिवार मूल रूप से गोरखपुर के बांसगांव क्षेत्र से जुड़ा है और राजनीति में आने से पहले वे व्यवसाय से जुड़े थे।