दुधारू पशुओं को ऑफ-सीजन में भी पौष्टिक हरा चारा मुहैया कराने के लिए साइलेज पशुपालकों के लिए एक किफायती विकल्प है। झारखंड मिल्क फेडरेशन (JMF), साहिबगंज द्वारा जारी तकनीकी विवरण के अनुसार, घर या फार्म पर 100 किलोग्राम तैयार साइलेज बनाने पर करीब 525 से 860 रुपये की सामग्री लागत आती है। पशुपालक इसे बाजार से खरीदने के बजाय खुद भी तैयार कर सकते हैं।
घर पर साइलेज बनाने के लिए मक्का, ज्वार, बाजरा, नेपियर और ओट्स जैसे हरे चारे का इस्तेमाल किया जाता है। मक्का की फसल को दूधिया से आटा बनने की अवस्था (Milk to Dough Stage) में काटना उचित माना जाता है। अन्य चारा फसलों की कटाई की अवस्था उनकी किस्म और परिपक्वता के अनुसार अलग हो सकती है।
100 किलोग्राम तैयार साइलेज के लिए लगभग 110 से 120 किलोग्राम हरे चारे की जरूरत पड़ती है। कटाई के बाद चारे को कुछ समय किसी साफ जगह पर फैलाकर हल्का मुरझाने के लिए छोड़ दिया जाता है, ताकि उसमें नमी की मात्रा घटकर 65 से 70 प्रतिशत के आदर्श स्तर पर आ जाए। इस प्रक्रिया में चारे का शुरुआती वजन थोड़ा कम हो जाता है।
इस तरह तैयार साइलेज ऑफ-सीजन में पशुओं को पौष्टिक हरा चारा उपलब्ध कराने का जरिया बनता है, जिससे दूध उत्पादन पर पड़ने वाले असर को कम करने में मदद मिल सकती है।
