10 नवंबर को रिलीज हुई सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ को लेकर देशभर में चर्चा है। इस किताब पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया है, जिसमें वे और प्रियंका गांधी अपनी मां सोनिया गांधी के साथ किताब पर बातचीत करते नजर आ रहे हैं।

बातचीत के दौरान इमरजेंसी के बाद के दौर का जिक्र करते हुए प्रियंका गांधी ने अपने स्कूल का एक किस्सा साझा किया। उन्होंने कहा कि जब दादी (इंदिरा गांधी) चुनाव हार गई थीं, तो उस वक्त माहौल में काफी तनाव था और उन्हें दूसरे घर में जाना पड़ा था। प्रियंका ने बताया कि स्कूल में एक बच्चे ने उनसे कहा कि उनके चाचा जेल में हैं और चोर हैं, जिस पर उन्होंने उसे थप्पड़ मार दिया। राहुल गांधी ने कहा कि जिस दिन वे स्कूल पहुंचे तो उनके बगल में कोई नहीं बैठा और वहां एक गैप था, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं कहा और चुप रह गए।

किताब पर चर्चा के दौरान सोनिया गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री और अपने पति राजीव गांधी की सुरक्षा हटाए जाने का मुद्दा भी उठाया। सोनिया गांधी ने आरोप लगाया कि राजीव गांधी की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी, जिससे उनकी हत्या करना आसान हो गया। उन्होंने बताया कि विपक्ष के नेता रहते हुए राजीव गांधी कई बार खुली जीप में सफर करते थे और उन्हें विरोध प्रदर्शनों और पत्थरबाजी का सामना भी करना पड़ा था। सोनिया गांधी के मुताबिक, विपक्षी दलों की सरकार वाले राज्यों में उनके दौरों के दौरान सुरक्षा को लेकर काफी लापरवाही बरती गई थी।

सोनिया गांधी ने बताया कि एक दौरे पर राहुल गांधी भी अपने पिता के साथ गए थे, जहां उन्होंने पत्थरबाजी और लोगों का विरोध देखा था। घर लौटने के बाद राहुल ने अपनी मां से कहा था कि अगर पापा की सुरक्षा के लिए कुछ नहीं किया गया, तो उन्हें लगता है कि बहुत जल्द उन्हें उनके अंतिम संस्कार के लिए वापस आना पड़ेगा। सोनिया गांधी के मुताबिक, बिहार का दौरा उनकी चिंता की आखिरी वजह बना। उन्होंने बताया कि उन्होंने पहले भी राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर अपनी चिंता जताई थी, लेकिन उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया गया। राहुल गांधी ने एक्स पर यह वीडियो साझा करते हुए कहा कि उनकी मां की किताब 500 से ज्यादा पन्नों की है, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने कई ऐसी बातें छोड़ दी हैं, जिन्हें अभी बताया जाना बाकी है।