सोनीपत के गांव पांची जाटान में करीब 11 साल पुराने सज्जनपाल हत्याकांड में जिला एवं सत्र न्यायाधीश जगजीत सिंह की अदालत ने पूर्व सरपंच सुरेंद्र सिंह, उनके बेटों हरपाल उर्फ दीपक और प्रवीन तथा गांव के ही सुनील उर्फ उल्लू को उम्रकैद की सजा सुनाई है। सजा पाने वालों में प्रवीन भाजपा युवा मोर्चा का जिला अध्यक्ष भी रह चुका है। वारदात में शामिल हिस्ट्रीशीटर सुशील उर्फ शीला की पहले ही मौत हो चुकी है।
वर्ष 2015 में दो अक्टूबर की रात को अंतरराष्ट्रीय पहलवान और सीआरपीएफ से डीएसपी पद से वीआरएस ले चुके सज्जनपाल (32) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह अपनी मां चांदकौर के पक्ष में वोट मांगने निकले थे, तभी हमलावरों ने उन्हें घेरकर गोलियां मारीं। उनके साथ गांव के रामकुमार और पीछे भाई जोगेंद्र भी थे।
सज्जनपाल के भाई जोगेंद्र की शिकायत पर पूर्व सरपंच सुरेंद्र, उनके बेटे प्रवीन व दीपक, सुनील उर्फ उल्लू, सुशील उर्फ शीला व अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपियों पर 50 हजार रुपये का इनाम भी रखा था, लेकिन गिरफ्तारी न होने पर मामला मधुबन क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया। क्राइम ब्रांच ने सुनील और सुशील को दिल्ली से गिरफ्तार किया था और दोनों ने पूर्व सरपंच सुरेंद्र व उनके बेटे प्रवीन सहित अन्य आरोपितों की हत्या में संलिप्तता कबूली थी। मामले के दौरान सुशील की जेल में मौत हो गई थी।
पुलिस के अनुसार हत्या चुनावी रंजिश में हुई थी। गांव में सज्जनपाल के चाचा रामेश्वर दो बार और आरोपित पूर्व सरपंच सुरेंद्र भी दो बार सरपंच रह चुके थे। वर्ष 2015 में महिला उम्मीदवार होने के कारण सुरेंद्र ने अपनी पत्नी को मैदान में उतारा था, जबकि सज्जनपाल ने अपनी मां को। हत्या से गांव में तनाव बढ़ गया था, लेकिन परिणाम में सज्जनपाल की मां चांदकौर की जीत हुई थी। स्वजन ने इसे सच्चाई की जीत बताया था।
