विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। नखास एरिया, चिड़िया बाजार और लकड़ी बाजार में बच्चों से लेकर युवाओं और बुजुर्गों तक के लिए आकर्षक झूले लगाए जा रहे हैं। कहीं झूलों को स्थापित किया जा रहा है तो कहीं मनोरंजन स्थलों को सजाया-संवारा जा रहा है। मेले में ब्रेक डांस, ड्रैगन ट्रेन और नाव झूला सहित कई मनोरंजन के साधन लोगों को आकर्षित करेंगे, जबकि आसमान की ऊंचाइयों तक पहुंचने वाले बड़े झूले रोमांच का अनुभव कराएंगे।

शाम ढलते ही ये बाजार रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठते हैं। झूलों की आवाज, बच्चों की खिलखिलाहट और लोगों की चहल-पहल से पूरा क्षेत्र उत्सवी माहौल में डूब जाता है। परिवार के साथ मेला घूमने आने वालों के लिए ये मनोरंजन स्थल खास आकर्षण होते हैं।

मनोरंजन के साधनों के साथ मेले में खानपान और खरीदारी के बाजार भी धीरे-धीरे आकार लेने लगे हैं। दुकानदारों और झूला संचालकों की गतिविधियां बढ़ने से मेला क्षेत्र में चहल-पहल शुरू हो गई है। झूला संचालकों को उम्मीद है कि मेले के दौरान बिहार के विभिन्न जिलों के अलावा दूसरे राज्यों से आने वाले पर्यटक भी बड़ी संख्या में पहुंचेंगे, जिससे मनोरंजन के बाजारों में अच्छी भीड़ जुटने की संभावना है।

धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति, व्यापार और मनोरंजन का संगम सोनपुर मेले को हर वर्ष खास पहचान देता है। इस बार भी आकर्षक झूले और सजे हुए बाजार मेले की रौनक बढ़ाने के लिए तैयार हो रहे हैं।